बिहार दिवस 2026: लखीसराय में तीन दिवसीय समारोह का भव्य समापन, कवि सम्मेलन व मुशायरे ने बांधा समां

लखीसराय (सरफराज आलम): तीन दिवसीय बिहार दिवस समारोह 2026 का भव्य समापन नगर भवन, लखीसराय में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समापन कार्यक्रम के अवसर पर आयोजित कवि सम्मेलन एवं मुशायरे ने पूरे माहौल को साहित्यिक रंग में रंग दिया। बाहर से आए प्रतिष्ठित कलाकारों के साथ-साथ जिले के शिक्षकों एवं स्थानीय रचनाकारों ने अपनी सशक्त प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया।

कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, शंकर कैमूरी, सैयद इसराफिल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इस दौरान अतिथियों ने बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और साहित्यिक परंपरा पर विस्तार से प्रकाश डाला।

समारोह में जिले के प्रतिभाशाली छात्र चंद्रदीप, जिन्होंने इंटर कला संकाय में पूरे बिहार में द्वितीय स्थान प्राप्त किया, को जिला पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गूंज के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

कवि सम्मेलन एवं मुशायरे में प्रस्तुत देशभक्ति, सामाजिक सरोकार, प्रेम और मानवीय संवेदनाओं से ओतप्रोत रचनाओं ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों में अपार उत्साह देखने को मिला और सभी ने पूरे मनोयोग से कार्यक्रम का आनंद लिया।

इस अवसर पर आपदा मित्रों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया, जो समाज सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

कार्यक्रम में शंकर कैमूरी, सैयद इसराफिल, पूनम श्रीवास्तव, सत्य प्रकाश मिश्र, दशरथ महतो, प्रियंका कुमारी सहित अन्य कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

समापन समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। बिहार दिवस 2026 का यह आयोजन सांस्कृतिक समृद्धि, प्रतिभा सम्मान और सामाजिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.