बिलासपुर में पांचवें श्याम महोत्सव की धूम, रातभर झूमे श्रद्धालु

रामपुर जनपद के बिलासपुर में गुरुवार रात श्री श्याम परिवार समिति के तत्वावधान में आयोजित पांचवें श्याम महोत्सव में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर के मोहल्ला कायस्थान स्थित कृष्णलीला मैदान में लगाए गए विशाल पंडाल में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। बाबा खाटू श्याम के जयकारों से पूरा पंडाल गूंजता रहा।

महोत्सव का शुभारंभ रात करीब दस बजे बाबा खाटू श्याम के अलौकिक श्रृंगार और छप्पन भोग के साथ हुआ। इसके बाद राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने मुख्य अतिथि के रूप में अखंड ज्योति प्रज्वलित कर भव्य दरबार का शुभारंभ किया। इस दौरान पूर्व विधायक संजय कपूर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भी बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

महोत्सव में बाबा श्याम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। इत्र और फूलों की वर्षा के बीच श्रद्धालु भक्ति में डूबे नजर आए। पूरे पंडाल में जयकारों और भजनों की गूंज बनी रही।

जयपुर से आए भजन गायक आयुष सोमानी तथा वृंदावन के अमन मिश्री और दीप्ती श्री सहित कई कलाकारों ने अपने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को रातभर बांधे रखा। कलाकारों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु तालियां बजाते हुए झूमते और नाचते नजर आए। युवाओं ने भी बीच-बीच में जयकारे लगाकर माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया।

श्याम महोत्सव देर रात तक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.