सिरसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 21 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त, 754 नशा तस्कर भेजे जेल

एसपी दीपक सहारन के 9 माह के कार्यकाल में 4 आपराधिक गैंग ध्वस्त, 12 इनामी बदमाश समेत 182 भगोड़े गिरफ्तार

सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में पिछले नौ महीनों के दौरान अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया। पुलिस ने इस अवधि में करीब 21 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए और 754 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

एसपी दीपक सहारन ने बताया कि 24 अक्टूबर 2025 को कार्यभार संभालने के बाद सिरसा पुलिस ने नशा तस्करों, अवैध हथियार रखने वालों, शराब तस्करों और अन्य अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की। इस दौरान 397 एनडीपीएस मामलों में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए।

बरामद किए गए मादक पदार्थ

पुलिस ने अभियान के दौरान 5 किलो 426 ग्राम हेरोइन, 112 किलो 839 ग्राम अफीम, 883 किलो डोडा-चूरापोस्त तथा 48 किलो 808 ग्राम गांजा बरामद किया।

अवैध शराब और हथियारों पर भी कसा शिकंजा

अवैध शराब तस्करों के खिलाफ 159 मामले दर्ज कर 167 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 9442 बोतल देसी शराब, 425 बोतल अवैध शराब, 502 बोतल अंग्रेजी शराब और 911 लीटर लाहन बरामद किया गया।

वहीं अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ 38 मामले दर्ज कर 50 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से 40 अवैध पिस्तौल, 155 जिंदा कारतूस और दो मैगजीन बरामद कीं।

4 गैंग ध्वस्त, 12 इनामी समेत 182 भगोड़े गिरफ्तार

एसपी ने बताया कि सिरसा पुलिस ने इस दौरान 4 आपराधिक गैंगों का पर्दाफाश करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 12 इनामी बदमाशों सहित 182 भगोड़ों को भी गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों से लाखों रुपये की चल और अचल संपत्ति भी बरामद की गई।

एसपी बोले- नशा तस्करों के खिलाफ जंग जारी रहेगी

एसपी दीपक सहारन ने कहा कि “सिरसा से नशा पूरी तरह खत्म होने तक नशा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। नशा बेचने वालों की जगह केवल जेल है और उन्हें किसी भी कीमत पर जिले में पैर नहीं जमाने दिए जाएंगे।”

उन्होंने आम जनता से अपील की कि नशा तस्करों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा और खेलों में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.