एसपी दीपक सहारन के 9 माह कार्यकाल में: 67 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त, 754 तस्कर जेल भेजा ।
4 आपराधिक गैंगों का पर्दाफाश करते हुए 12 ईनामी बदमाशों सहित 182 भगौड़ों को गिरफ्तार किया ।
- सिरसा में नशा तस्करों के मंसूबे ध्वस्त करने के लिए,नशा तस्करों के खिलाफ जंग जारी रहेगी : एसपी दीपक सहारन ।
Sirsa, 28 जुलाई (डॉ एम पी भार्गव / विशेष संवाददाता हरियाणा): जिला सिरसा पुलिस ने पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में पिछले नौ माह के दौरान नशा तस्करों, अवैध हथियार रखने वालों, शराब तस्करों और अन्य अपराधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर बड़ी कामयाबी हासिल की है। एसपी के अनुसार 24 अक्टूबर 2025 को कार्यभार संभालने के बाद से सिरसा पुलिस ने करीब 67 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए हैं। इस अवधि में 397 मामले दर्ज कर 754 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कार्रवाई के दौरान 5 किलो 426 ग्राम हेरोइन, 112 किलो 839 ग्राम अफीम, 883 किलो डोडा-चूरापोस्त तथा 48 किलो 808 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
वहीं अवैध शराब तस्करों के खिलाफ अभियान में 159 मामले दर्ज कर 167 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 9442 बोतल देसी शराब, 425 बोतल अवैध शराब, 502 बोतल अंग्रेजी शराब तथा 911 लीटर लाहन बरामद की गई। अवैध हथियार रखने वालों पर भी पुलिस ने सख्त शिकंजा कसा। नौ माह में 38 मामले दर्ज कर 50 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से 40 अवैध पिस्तौल, 155 जिंदा कारतूस और दो मैगजीन बरामद की गईं।
जुआ अधिनियम के तहत चलाए गए अभियान में 74 मामले दर्ज कर 169 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 85 लाख 50 हजार 910 रुपये की जुआ राशि बरामद की गई।एसपी दीपक सहारन ने बताया कि इस दौरान पुलिस ने 4 आपराधिक गैंगों का पर्दाफाश करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 12 इनामी बदमाशों समेत 182 भगोड़ों को गिरफ्तार किया । कार्रवाई के दौरान आरोपियों से लाखों रुपये की चल और अचल संपत्ति भी बरामद की गई।
एसपी ने स्पष्ट कहा कि “सिरसा से नशा खत्म होने तक नशा तस्करों के खिलाफ जंग जारी रहेगी। नशा बेचने वालों की असली जगह जेल है और किसी भी सूरत में उन्हें जिले में पैर नहीं पसारने दिए जाएंगे।” उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा तस्करों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों की सूचना बेझिझक पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा और खेलों में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
एसपी ने कहा कि सिरसा पुलिस अपराधियों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान चला रही है। नशा तस्करों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई की जाएगी कि उनकी आने वाली पीढ़ियां भी सिरसा पुलिस की कार्रवाई को याद रखेंगी। साथ ही नशे के शिकार लोगों का उपचार कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास भी लगातार जारी हैं।
एसपी साहब ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि समाज से नशे को जड़ से खत्म करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर अग्रणी भूमिका निभानी होगी। जब समाज का युवावर्ग नशे के खिलाफ आगे आएगा तो वो दिन दूर नही जब समाज पूर्ण रुप से नशामुक्त होगा।
