रामपुर कलेक्ट्रेट पहुंचे भीम आर्मी कार्यकर्ता, मिलक कोतवाल को लाइन हाजिर करने की मांग
दीपक सागर पर हमले के विरोध में जोरदार प्रदर्शन, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
रामपुर। भीम आर्मी भारत एकता मिशन के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को रामपुर कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए थाना मिलक के कोतवाल को लाइन हाजिर करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र को एक ज्ञापन भी सौंपा।
पूर्व मंडल सचिव दीपक सागर ने आरोप लगाया कि उन पर हाल ही में हमला हुआ था, जिसकी FIR भी दर्ज की जा चुकी है, लेकिन अब तक हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। उन्होंने अपनी सुरक्षा को खतरा बताते हुए गनर और शस्त्र लाइसेंस दिए जाने की मांग भी ज्ञापन में की है।
दीपक सागर ने आरोप लगाया कि घटना के बाद जब वह थाना मिलक पहुँचे, तो वहां मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों और होमगार्डों ने उनके साथ अभद्रता की और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। इतना ही नहीं, उन्हें जबरन थाने में उठाकर बंद कर दिया गया, जो कि पूरी तरह से गैरकानूनी और अपमानजनक है।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि इस हमले में सुमित सागर पुत्र महेंद्र पाल को गंभीर चोटें और हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि अन्य पांच लोगों को भी गहरी चोटें आई हैं।
दीपक सागर ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया और थाना अध्यक्ष मिलक को लाइन हाजिर कर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में भीम आर्मी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष न्याय की मांग करते हुए दोषियों को जेल भेजने की मांग की।
