राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर नागरिक अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ऐलनाबाद, 16 मई( एम पी भार्गव )। राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर शुक्रवार को स्थानीय नागरिक अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र भादू की अध्यक्षता में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आमजन से डेंगू के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र भादू ने बताया कि डेंगू एक मच्छर जनित रोग है, जो एडीज मच्छर के काटने से होता है और यह मच्छर साफ और ठहरे पानी में पनपता है। इसलिए सभी नागरिकों से अपील है कि वे अपने घरों तथा आसपास पानी को एकत्रित न होने दें। सप्ताह में कम से कम एक बार घरों की टंकियों, कूलरों, गमलों, शौचालयों में रखे बर्तनों, छतों पर पड़े टायरों, पशु-पक्षियों के पानी पीने के बर्तनों एवं अन्य जल स्रोतों को खाली कर अच्छे से साफ करें और फिर पानी भरें।
उन्होंने बताया कि अपने आसपास सात दिनों से अधिक समय तक किसी भी स्थान पर पानी एकत्रित न होने दें क्योंकि मच्छर अंडे देता है जो सात दिनों में मच्छर बन जाते हैं और डेंगू फैलाते हैं। उन्होंने सलाह दी कि यदि किसी को बुखार हो तो उसे नजरअंदाज न करें और तुरंत खून की जांच करवाएं। डेंगू की जांच एवं उपचार नागरिक अस्पताल सिरसा में नि:शुल्क उपलब्ध है। अपने घरों के आसपास जलभराव वाले स्थानों में काला तेल डालें, प्रत्येक शुक्रवार को पानी के सभी स्रोतों को खाली कर उल्टा रखें व सूखने दें और ड्राई-डे के रूप में मनाएं।
इस अवसर पर उप सिविल सर्जन (मेडिकल) डॉ. प्रमोद शर्मा, उप सिविल सर्जन (मलेरिया) डॉ. गौरव अरोड़ा, तथा महामारी अधिकारी डॉ. संजय कुमार, पुष्कर दत्त, धीरज कुमार, केवल कृष्ण कम्बोज, अभिषेक, वरुण कुमार, राजेश कुमार (लैब टेक्नीशियन) सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी भी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.