Sonbhadra: छठ महापर्व को लेकर घाटों पर तैयारियां तेज, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त

• शिवाजी तालाब से लेकर कैलाश कुंज मंदिर और लौआ नदी के घाटों तक चल रहा सफाई अभियान

दुद्धी(सोनभद्र)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर क्षेत्र के शिवाजी तालाब, कैलाश कुंज मंदिर, लौआ नदी स्थित हिरेश्वर एवं सीतेश मंदिर के घाटों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर पंचायत, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि साफ-सफाई, घाटों की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे हैं। शिवाजी तालाब परिसर की सफाई, सीढ़ियों की मरम्मत, कचरा हटाने और आवागमन के रास्तों को सुगम बनाने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। वहीं कैलाश कुंज मंदिर मल्देवा में आदर्श युवा क्लब के डॉक्टर हर्षवर्धन प्रजापति, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन जायसवाल, उमाशंकर प्रजापति, सत्यव्रत प्रजापति और प्रभाकर प्रजापति सहित अन्य लोग तालाब की साफ-सफाई में जुटे हुए हैं।

सुरक्षा के मद्देनजर गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, खतरनाक स्थानों को चिह्नित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके साथ ही महिलाओं के लिए कपड़े बदलने की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और आपात स्थिति से निपटने के इंतजाम भी किए जा रहे हैं। इस कार्य में नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, रामलीला कमेटी अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि, मंडल अध्यक्ष दीपक शाह, पंकज अग्रहरि और सुरेंद्र गुप्ता सहित अन्य लोग सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। नगर पंचायत कर्मचारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। समाजसेवियों ने कहा कि छठ पर्व क्षेत्र की आस्था और परंपरा से जुड़ा है। व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सामूहिक प्रयास से घाटों को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाया जा रहा है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.