सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में बेअदबी की कोशिश नाकाम, सेवादारों ने आरोपी को मौके पर किया काबू
माथा टेकने के बाद शस्त्र उठाने की कोशिश, सतर्क सेवादारों ने तुरंत संभाला मामला
-प्रारंभिक जांच में उत्तर प्रदेश का निवासी निकला आरोपी, पुलिस ने दर्ज किया मामला
-सिख संगठनों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग, घटना के पीछे संभावित साजिश की जांच की अपील
अमृतसर। सिख कौम के सबसे पवित्र धार्मिक स्थल सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में एक व्यक्ति द्वारा बेअदबी करने की कोशिश का मामला सामने आया है। हालांकि सेवादारों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ी अप्रिय घटना टल गई। घटना के बाद संगतों में चिंता का माहौल है, जबकि सिख संगठनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 35 वर्षीय एक व्यक्ति सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेकने के लिए पहुंचा था। सामान्य श्रद्धालु की तरह दर्शन करने और नतमस्तक होने के बाद उसकी गतिविधियां अचानक संदिग्ध हो गईं। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति गुरु साहिब के सामने सजाए गए पवित्र शस्त्रों को उठाने की कोशिश करने लगा। वहां ड्यूटी पर तैनात सेवादारों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया और मामले की जानकारी सुरक्षा कर्मियों तथा पुलिस को दी।
सेवादारों द्वारा पकड़े गए व्यक्ति को तुरंत पुलिस प्रशासन के हवाले कर दिया गया। प्रारंभिक जांच के दौरान यह सामने आया है कि आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसकी इस हरकत के पीछे कोई व्यक्तिगत मंशा थी या वह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था।
इस घटना के संबंध में अधिकारियों ने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है तथा सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दूसरी ओर सिख संगठनों और संगतों ने इस घटना पर गहरा दुख और रोष व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और यदि इस घटना के पीछे कोई साजिश है तो उसका भी पर्दाफाश किया जाए। संगतों का कहना है कि सेवादारों की सतर्कता और गुरु साहिब की कृपा से एक बड़ा हादसा टल गया।
