SGPC Sikh Jatha: पाकिस्तान गए सिख जत्थे में अमृतसर के श्रद्धालु के लापता होने की खबर निकली अफवाह, बेटे ने बताया- पिता पूरी तरह सुरक्षित
SGPC Sikh Jatha Amritsar: श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के जत्थे के साथ पाकिस्तान गए सिख श्रद्धालुओं में से तीन लोगों के लापता होने की खबरों को लेकर नया खुलासा हुआ है। लापता बताए जा रहे श्रद्धालुओं में अमृतसर के तेज नगर चौक निवासी सरदार बिक्रमजीत सिंह का नाम भी सामने आया था। हालांकि, उनके बेटे चरणजीत सिंह ने इस खबर का खंडन करते हुए इसे पूरी तरह अफवाह और निराधार बताया है।
पिता के लापता होने की खबर पर बेटे ने किया खंडन
चरणजीत सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में स्पष्ट किया कि उनके पिता बिक्रमजीत सिंह पूरी तरह सुरक्षित हैं और पाकिस्तान में गुरुद्वारा साहिब में SGPC के जत्थे के साथ ही मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले ही उनकी अपने पिता से फोन पर बातचीत हुई है। परिवार लगातार उनके संपर्क में है।
वाई-फाई के जरिए परिवार से हो रही बातचीत
बेटे चरणजीत सिंह के मुताबिक, उनके पिता के पास भारतीय मोबाइल नंबर है और पाकिस्तान में वाई-फाई के माध्यम से उनसे लगातार बातचीत हो रही है। वह हर साल की तरह इस बार भी SGPC के जत्थे के साथ धार्मिक यात्रा पर गए हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि उनके पिता जत्थे के साथ ही सकुशल भारत वापस लौटेंगे।
भ्रामक खबर से मानसिक परेशानी में परिवार
चरणजीत सिंह ने बताया कि जब उनके पिता को अपने लापता होने की खबरों के बारे में पता चला तो वह भी मानसिक परेशानी से गुजरने लगे। परिवार का कहना है कि किसी शरारती तत्व की ओर से जानबूझकर इस तरह की भ्रामक जानकारी फैलाई गई है।
उन्होंने अपील की कि बिना पुष्टि के ऐसी खबरें प्रसारित नहीं की जानी चाहिए। इससे न केवल संबंधित व्यक्ति बल्कि उसके परिवार को भी मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
