बाल गोपाल भजन मंडली ऐलनाबाद की सात दिवसीय धार्मिक यात्रा संपन्न, श्रद्धालुओं ने किए प्रमुख तीर्थों के दर्शन

ऐलनाबाद (एम.पी. भार्गव)। बाल गोपाल भजन मंडली ऐलनाबाद के सौजन्य से आयोजित सात दिवसीय धार्मिक यात्रा गत दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इस यात्रा का नेतृत्व मंडली अध्यक्ष श्रीमती मीनू गुंबर ने किया, जिसमें ऐलनाबाद से लगभग 50 धर्मप्रेमी शामिल हुए।

यात्रा की शुरुआत ऐलनाबाद के रामलीला मैदान से हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने खाटू श्याम, पुष्कर राज, ब्रह्मा मंदिर, सांवरिया सेठ (चित्तौड़गढ़), उज्जैन महाकाल, ओंकारेश्वर महादेव, ममलेश्वर, नलखेड़ा स्थित बगलामुखी सिद्धपीठ, पशुपतिनाथ मंदिर और काल भैरव सिद्धपीठ सहित मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न देवी-देवताओं के मंदिरों के दर्शन किए। यात्रा का समापन राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थ श्री सालासर बालाजी में श्री राम भक्त हनुमान जी के दर्शन के साथ हुआ।

यात्रा के दौरान भजन मंडली के साथ होने से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। वातानुकूलित बस में लगातार संकीर्तन और भजनों से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति हुई।

मंडली अध्यक्ष मीनू गुंबर ने यात्रियों के ठहरने, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा। भजन मंडली के सदस्यों सोमबीर, मुस्कान, पायल और मीना सरदाना ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।

समापन पर सभी यात्रियों ने यात्रा को अत्यंत आनंददायक बताते हुए जत्था संचालक मीनू गुंबर और राकेश कुमार का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य की यात्राओं के लिए भी अपना पंजीकरण कराया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.