अमृतसर में ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई तेज़: भगोड़े तस्कर सनी गुल्ला का मकान ध्वस्त

परिवार का विरोध, पुलिस का जवाब—'ड्रग्स की कमाई से बना मकान नहीं बख्शा जाएगा'

अमृतसर: पंजाब सरकार की ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अमृतसर में एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। मोहकमपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने ड्रग तस्कर सनी गुल्ला के मकान को ध्वस्त कर दिया।

आठ गंभीर मामलों में नामजद है सनी गुल्ला, पुलिस की गिरफ्त से बाहर
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सनी गुल्ला के खिलाफ कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से चार मामले एनडीपीएस एक्ट, दो हत्या के प्रयास, और दो अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं। सनी गुल्ला वर्तमान में भगोड़ा घोषित है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज़ कर दिए गए हैं।

परिवार ने उठाए सवाल, कहा- लड़का निर्दोष
सनी गुल्ला के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि उनके बेटे के खिलाफ झूठे केस दर्ज किए गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया, “अगर वह दोषी है, तो कानून के तहत सजा दी जाए, लेकिन बिना कोर्ट के आदेश के घर गिराना अन्याय है।”

पुलिस का सख्त संदेश: ड्रग माफिया की संपत्ति नहीं रहेगी सलामत
इस कार्रवाई पर पुलिस कमिश्नर ने बयान जारी करते हुए कहा कि, “ड्रग्स की कमाई से बनाई गई कोई भी संपत्ति छोड़ी नहीं जाएगी।” उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा मिली शिकायत और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर मकान को तोड़ा गया और कार्रवाई के दौरान पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।

नशा छोड़ने वालों के लिए पुनर्वास की सुविधा
पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि नशा मुक्ति केंद्रों में उपचार की सुविधाएं उपलब्ध हैं, ताकि जो लोग नशा छोड़ना चाहते हैं, वे मुख्यधारा में लौट सकें। पंजाब सरकार का उद्देश्य सिर्फ अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से बाहर निकालकर बेहतर जीवन देना भी है।

यह कार्रवाई पंजाब में ड्रग्स के खिलाफ सरकार की कड़ी और निर्णायक नीति को दर्शाती है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि ड्रग माफिया और उनके संरक्षकों के खिलाफ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.