चार साहिबज़ादों और माता गुजरी जी की शहादत को समर्पित फ्री बस सेवा का शुभारंभ

  • रिपोर्ट: ललित शर्मा

अमृतसर। चार साहिबज़ादों और माता गुजरी जी की अद्वितीय शहादत को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से अमृतसर से श्री फतेहगढ़ साहिब (सरहिंद) तक विशेष निःशुल्क बस सेवा का शुभारंभ किया गया। इस सेवा के अंतर्गत 20 दिसंबर से 27 दिसंबर तक प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए फ्री बसें चलाई जाएंगी, ताकि हजारों संगत शहीदी स्थलों के दर्शन कर सकें।

इसी क्रम में उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से पहला जत्था श्रद्धा और सेवा भाव के साथ रवाना किया गया। पहले जत्थे को सेवाभावी अक्षय शर्मा और भाजपा लोकसभा इंचार्ज तरनजीत सिंह संधू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संगत उपस्थित रही।

अक्षय शर्मा ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबज़ादों और माता गुजरी जी की शहादत केवल सिख इतिहास ही नहीं, बल्कि पूरे मानव समाज के लिए त्याग, साहस और धर्म की रक्षा का महान संदेश है। उन्होंने बताया कि संगत की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुल 15 बसों की व्यवस्था की गई है, जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के शहीदी सभा में शामिल हो सकें। उन्होंने यह भी बताया कि 20 से 27 दिसंबर तक प्रतिदिन अलग-अलग जत्थे अमृतसर से फतेहगढ़ साहिब के लिए रवाना होंगे।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। प्रत्येक बस में बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ इतिहासकारों की भी तैनाती की गई है, जो यात्रियों को चार साहिबज़ादों की शहादत से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों की जानकारी देंगे। इसके अलावा बसों में चार साहिबज़ादों पर आधारित फिल्में भी दिखाई जा रही हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी की गई है।

भाजपा लोकसभा इंचार्ज तरनजीत सिंह संधू ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास समाज को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को अपने इतिहास से अवगत कराना बेहद जरूरी है, ताकि उन्हें जीवन में संघर्ष, साहस और बलिदान से प्रेरणा मिल सके।

श्रद्धालुओं और संगत ने भी इस निःशुल्क बस सेवा की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल न केवल शहीदों के सम्मान का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सेवा भावना को भी मजबूत करती है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.