District Udyog Bandhu meeting loan applications: उद्योग बंधु की बैठक में ऋण पत्रावलियों के निस्तारण पर जोर, अस्वीकृत पत्रावलियों के आवेदकों के पास आएगी कॉल

District Udyog Bandhu meeting loan applications: बदायूँ में जिलाधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में उद्यमियों की समस्याओं, शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ऋण पत्रावलियों की स्थिति तथा औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने ऋण पत्रावलियों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने तथा बिना उचित कारण के उन्हें अस्वीकृत किए जाने पर बैंकर्स के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बैंकर्स से पत्रावलियों के लंबित एवं अस्वीकृत होने के कारणों की जानकारी ली।

बैंकर्स द्वारा बताया गया कि कई मामलों में आवेदक स्वयं ऋण लेने में रुचि नहीं रखते हैं, जिसके कारण उनकी पत्रावलियां अस्वीकृत की जाती हैं। इस पर जिलाधिकारी ने उक्त दावे का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित को कंट्रोल रूम को ऋण आवेदकों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि कंट्रोल रूम द्वारा आवेदकों से सीधे दूरभाष पर संपर्क कर ऋण लेने में उनकी रुचि, आवेदन की वर्तमान स्थिति तथा ऋण प्राप्त न होने के कारणों की जानकारी प्राप्त की जा सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी ऋण पत्रावली को आवेदक को कारण बताए बिना अस्वीकृत न किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई पत्रावली अस्वीकृत की जाती है तो उसके पीछे का स्पष्ट एवं उचित कारण दर्ज होना चाहिए। उन्होंने बैंकर्स को ऋण योजनाओं के पात्र आवेदकों की पत्रावलियों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में उद्यमियों द्वारा विभिन्न समस्याएं भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी गईं। उद्यमियों ने कछला अंत्येष्टि स्थल पर मशीन खराब होने, ईंधन की व्यवस्था सहित अंत्येष्टि स्थल से संबंधित समस्याओं, सड़कों पर गड्ढे एवं गंदगी सहित अन्य समस्याओं से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को उद्यमियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों से भी जिलाधिकारी द्वारा जवाब तलब किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला उद्योग बंधु की बैठकों में नियमित रूप से प्रतिभाग करते हुए उद्यमियों की समस्याओं के समाधान में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, उपायुक्त उद्योग सचिन जैन सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.