Journalist Pension ₹40000: हरियाणा के सेवानिवृत्त पत्रकारों की पेंशन 40 हजार रुपये करने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
गवर्नमेंट पेंशनर पत्रकार संघ ने आयुष्मान, कैशलेस इलाज, टोल फ्री सुविधा और पति-पत्नी को पूरी पारिवारिक पेंशन देने का उठाया मुद्दा
Haryana Journalist Pension ₹40000 (एम पी भार्गव): हरियाणा गवर्नमेंट पेंशनर पत्रकार संघ ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से प्रदेश के सेवानिवृत्त पत्रकारों की मासिक पेंशन बढ़ाकर 40 हजार रुपये करने की मांग की है। संघ का कहना है कि महंगाई के मौजूदा दौर में सरकार से पेंशन प्राप्त कर रहे करीब 240 सेवानिवृत्त पत्रकारों को सम्मानजनक जीवनयापन के लिए आर्थिक सहायता बढ़ाने की जरूरत है।
संघ ने मांग की है कि सेवानिवृत्त पत्रकारों को आयुष्मान भारत और कैशलेस चिकित्सा योजना में शामिल किया जाए तथा जिन पात्र पत्रकारों के कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उन्हें जल्द कार्ड उपलब्ध कराए जाएं। इसके अलावा पेंशन प्राप्त कर रहे वरिष्ठ पत्रकारों को मानदेय प्राप्त पत्रकार की संज्ञा देने का भी आग्रह किया गया है।
Journalist Pension: पत्रकार की मृत्यु पर जीवनसाथी को मिले पूरी पेंशन
संघ ने नवंबर 2023 के उस नोटिफिकेशन में संशोधन की मांग की है, जिसके तहत पत्रकार की मृत्यु के बाद उसकी पत्नी को आधी पेंशन दिए जाने का प्रावधान किया गया है। संघ का आग्रह है कि पत्रकार की मृत्यु के बाद उसके पति या पत्नी को पूरी पेंशन देने की व्यवस्था लागू की जाए।
इसके साथ ही सेवानिवृत्त पत्रकारों को टोल फ्री सुविधा देने और दो बेटियों वाले पत्रकारों को प्रोत्साहन देने की मांग भी उठाई गई है।
Journalist Pension: 2017 में शुरू हुई थी पत्रकार पेंशन योजना
संघ ने बताया कि हरियाणा सरकार ने वर्ष 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकाल में स्वतंत्रता सेनानियों, मातृभाषा सत्याग्रहियों, आपातकालीन पीड़ितों और वरिष्ठ सेवानिवृत्त पत्रकारों के लिए पेंशन योजना शुरू की थी। वर्ष 2023 में इन सभी श्रेणियों की पेंशन में वृद्धि की गई थी।
संघ के अनुसार, हाल ही में स्वतंत्रता सेनानियों, मातृभाषा सत्याग्रहियों और आपातकालीन पीड़ितों की पेंशन बढ़ाकर 40 हजार रुपये मासिक कर दी गई है, जबकि सेवानिवृत्त पत्रकारों की पेंशन में अभी इस स्तर पर वृद्धि नहीं हुई है।
Journalist Pension: आपातकालीन सहायता राशि बढ़ाने का किया स्वागत
संघ के अध्यक्ष बीके दिवाकर, उपाध्यक्ष गौतम देव शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. एमपी भार्गव और वरिष्ठ पत्रकार नवीन मल्होत्रा ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मुख्यमंत्री द्वारा पत्रकारों की आपातकालीन सहायता राशि ढाई लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपये किए जाने का स्वागत किया है।
संघ पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से अन्य मांगों पर भी जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है। उल्लेखनीय है कि संघ के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार गौतम देव शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पिछले सप्ताह अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज चुका है। अब दोबारा मुख्यमंत्री को मांगों की याद दिलाते हुए उन्हें लागू करने का अनुरोध किया गया है।

[…] […]