Gokuldham Mameran Mela: गोकुलधाम ममेरां में तीन दिवसीय वार्षिक मेले का शुभारंभ, 26 सितंबर को लगेगा विशाल मेला
Gokuldham Mameran Mela(एम पी भार्गव): ऐलनाबाद के निकट प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गोकुलधाम ममेरां में तीन दिवसीय वार्षिक मेले का विधि-विधान से शुभारंभ हो गया। गुरुवार सुबह मंदिर परिसर में पुजारियों ने हवन-यज्ञ कर मेले की शुरुआत कराई। मेले के शुभारंभ के साथ ही मंदिर प्रांगण में विभिन्न प्रकार की दुकानें भी सजने लगी हैं।
मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों के अनुसार गोकुलधाम ममेरां का वार्षिक मेला क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है। मेले में हरियाणा के साथ-साथ राजस्थान और पंजाब से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
25 सितंबर को होगा विशाल जागरण
आयोजन के कार्यक्रम के अनुसार 25 सितंबर की रात मंदिर प्रांगण में विशाल जागरण आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रसिद्ध भजन गायक धार्मिक भजनों के माध्यम से बाबा की महिमा का गुणगान करेंगे। जागरण को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।
26 सितंबर को लगेगा विशाल मेला
26 सितंबर को सुबह से विशाल वार्षिक मेले का आयोजन होगा। मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले लगाए जाएंगे। इसके अलावा खाने-पीने की सामग्री, खिलौनों और अन्य आवश्यक सामान की दुकानें भी सजाई जाएंगी।
मेले को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, लंगर और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मंदिर कमेटी और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।
