Khush Raha Song: ‘खुश रहा’ में मां-बेटे के रिश्ते की भावुक कहानी, कल्पना पटवारी और शिक्रिवाल का खास म्यूजिक कोलैबोरेशन
माटी सीज़न 2 का दूसरा गाना ‘खुश रहा’ लोक संगीत और समकालीन हिप-हॉप के मेल से घर से दूर जाने, माँ के प्यार और बेटे के संघर्ष की भावुक कहानी बयाँ करता है
Khush Raha Song: पटना में वॉर्नर म्यूज़िक इंडिया के माटी सीजन 2 का दूसरा ट्रैक ‘खुश रहा’ रिलीज हो गया है। ‘जलवा-ए-जानाँ’ को मिली प्रतिक्रिया के बाद इस नए गाने में मशहूर भोजपुरी लोक गायिका कल्पना पटवारी और रैपर, सॉन्गराइटर एवं प्रोड्यूसर शिक्रिवाल साथ नजर आ रहे हैं। यह गीत घर से दूर बेहतर भविष्य की तलाश में संघर्ष कर रहे बेटे और उसके लौटने का इंतजार कर रही मां के रिश्ते को भावनात्मक अंदाज में पेश करता है।
बेहतर भविष्य के लिए घर से दूर जाता बेटा, इंतजार करती मां
‘खुश रहा’ की कहानी उन परिवारों की भावनाओं को सामने लाती है, जिनके किसी अपने को बेहतर भविष्य की तलाश में घर से दूर जाना पड़ता है। गीत में मां अपने बेटे की सुरक्षित और खुशहाल वापसी की कामना करती है, जबकि बेटा शहर की मुश्किल परिस्थितियों के बीच परिवार के लिए बेहतर जिंदगी बनाने की कोशिश करता है।
निखिल-स्वप्निल के संगीत और प्यारे लाल यादव के बोल से तैयार इस गाने में कल्पना पटवारी की लोक गायकी को शिक्रिवाल के हिप-हॉप, जैज़ और सिनेमाई प्रोडक्शन के साथ जोड़ा गया है। इसके जरिए भोजपुरी लोक संगीत को आधुनिक साउंड के साथ पेश करने का प्रयास किया गया है।
सिनेमाई अंदाज में दिखाया गया मां-बेटे का रिश्ता
गाने का म्यूजिक वीडियो भी इसकी भावनात्मक कहानी को सिनेमाई अंदाज में आगे बढ़ाता है। वीडियो में ऊंचाई, ट्यूब लाइट और आग से जुड़े स्टंट सीक्वेंस शामिल किए गए हैं। पारंपरिक भोजपुरी म्यूजिक वीडियो की शैली से अलग ‘खुश रहा’ में आधुनिक संगीत और विजुअल ट्रीटमेंट का प्रयोग किया गया है।
कल्पना पटवारी ने कहा कि ‘माटी’ के जरिए लोक संगीत को समकालीन अंदाज में पेश करने की कोशिश की जा रही है। उनके मुताबिक, ‘खुश रहा’ प्यार, त्याग और घर से दूर जाने के बाद पैदा होने वाली दूरी की भावुक कहानी है।
शिक्रिवाल ने गीत को अपनी मां को समर्पित करते हुए कहा कि यह एक मां के अटूट प्रेम और बेहतर जिंदगी बनाने के लिए संघर्ष कर रहे बेटे की कहानी है।
निखिल-स्वप्निल के अनुसार, गाना तैयार करते समय भोजपुरी लोक संगीत की भावनात्मक गहराई को बनाए रखते हुए उसे समकालीन प्रोडक्शन से जोड़ने पर ध्यान दिया गया।
आठ भाषाओं में क्षेत्रीय संगीत को नई पहचान
माटी सीजन 2 पारंपरिक स्टूडियो आधारित म्यूजिक वीडियो से आगे बढ़कर अलग-अलग क्षेत्रों, समुदायों और सांस्कृतिक परिवेशों की कहानियों को सामने ला रहा है। इस सीजन में कश्मीरी, उर्दू, भोजपुरी, हरियाणवी और कन्नड़ समेत आठ भाषाओं में क्षेत्रीय कलाकारों और वास्तविक सांस्कृतिक परिवेश को समकालीन संगीत प्रयोगों के साथ प्रस्तुत किया जा रहा है।
वॉर्नर म्यूज़िक इंडिया द्वारा रिलीज किया गया ‘खुश रहा’ प्रमुख ऑडियो और वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।
