Bandi Chhod Divas Mohalla: गुरु की लाडली फौज ने दिखाया शौर्य; बंदी छोड़ दिवस पर निहंग सिखों ने निकाला पारंपरिक मोहल्ला
3 एडीसीपी, 5 एसीपी और 400 से अधिक पुलिसकर्मियों ने संभाला सुरक्षा का जिम्मा, शांतिपूर्वक संपन्न हुआ आयोजन
Amritsar Bandi Chhod Divas Mohalla: सिखों के छठे पातशाह श्री गुरु हरगोविंद साहिब जी के पावन ‘बंदी छोड़ दिवस’ के उपलक्ष्य में गुरु की लाडली फौज—निहंग सिंह जत्थेबंदियों द्वारा हर वर्ष की भांति इस बार भी खालसाई जाहो-जलाल और पूरे उत्साह के साथ पारंपरिक ‘मोहल्ला’ (नगर कीर्तन व शौर्य जुलूस) निकाला गया। सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में बंदी छोड़ दिवस और दीपमाला के अगले दिन निहंग सिंहों की ओर से सजे इस मोहल्ले में युद्ध कला, पराक्रम और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिला। ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के गगनभेदी जयकारों और नगाड़ों की गूंज के बीच नीले बाने व ऊंची दस्तारों में सजे निहंग सिंहों ने अपने बेमिसाल करतबों से देश-विदेश से आई संगतों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
श्री अकाल तख्त साहिब से विधिवत अरदास के उपरांत आरंभ हुए इस मोहल्ले में विभिन्न निहंग दलों और संप्रदायों के प्रमुखों व संतों ने शिरकत की। निहंग सिंह का मोहल्ला तय मार्गों से होते हुए खेल मैदान की ओर बढ़ा, तो सड़क के दोनों ओर खड़ी हजारों की संगत ने फूलों की वर्षा कर गुरु की लाडली फौज का स्वागत किया। इसके बाद शुरू हुआ निहंग सिंहों का पारंपरिक शौर्य प्रदर्शन। तेज़ रफ़्तार से दौड़ते घोड़ों पर खड़े होकर करतब दिखाना हो या ज़मीन पर गड़े कीलों को नेजे से एक ही वार में उखाड़ फेंकने की ‘नेज़ाबाज़ी’, निहंग घुड़सवारों के संतुलन और चपलता को देखकर उपस्थित जनसमूह दांतों तले उंगलियां दबाने पर मजबूर हो गया।
Bandi Chhod Divas Mohalla: ‘गतका’ और तलवारबाज़ी का हैरतअंगेज़ प्रदर्शन
मैदान में पारंपरिक सिख मार्शल आर्ट ‘गतका’ और तलवारबाज़ी का भी हैरतअंगेज़ प्रदर्शन किया गया। नन्हें भुजंगियों से लेकर बुजुर्ग निहंग सिंहों तक ने पैंतरेबाज़ी, ढाल-तलवार, चक्र और लाठी के ऐसे जौहर दिखाए कि पूरा वातावरण वीर रस से सराबोर हो गया।

इस अवसर पर निहंग महापुरुषों और संतों ने संगतों को बंदी छोड़ दिवस की बधाई देते हुए पंथक एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब द्वारा बख्शी गई यह शस्त्र विद्या केवल युद्ध कला नहीं, बल्कि आत्मरक्षा, धर्म की रक्षा और निर्बलों की सहायता का प्रतीक है। जब तक पंथ में आपसी एकता और मर्यादा कायम रहेगी, तब तक खालसा पंथ सदैव चढ़दी कला में रहेगा।
Bandi Chhod Divas Mohalla: श्रद्धालुओं के हृदय में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार
मोहल्ले में अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया (सैक्रामेंटो) से पहुंचे एनआरआई श्रद्धालु प्रभजोत सिंह ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी द्वारा बख्शी गई पादशाहियां, शस्त्र विद्या और ढोल-नगाड़ों की विरासत अतुलनीय है। आज की युवा पीढ़ी को नशों और भटकाव से दूर होकर अपनी इस गौरवमयी विरासत, पगड़ी और सिख सिद्धांतों से जुड़ना चाहिए। वहीं अमृतसर के स्थानीय कवियों व श्रद्धालुओं ने कहा कि हर वर्ष इस दिन गुरु की लाडली फौज के दर्शन कर मन को असीम शांति व गौरव की अनुभूति होती है।

गुरु की लाडली फौज का यह मोहल्ला केवल एक धार्मिक रस्म नहीं, बल्कि सिखी की गौरवशाली सैन्य परंपरा, अदम्य साहस और मर्यादा का जीवंत प्रमाण बनकर उभरा, जिसने उपस्थित प्रत्येक श्रद्धालु के हृदय में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया।
निहंग सिंह जत्थेबंदी द्वारा आयोजित नगर कीर्तन के अवसर पर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। डीसीपी (लॉ एंड ऑर्डर) रविंदर पाल सिंह संधू ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधों की प्रत्यक्ष निगरानी करते हुए पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया।
Bandi Chhod Divas Mohalla: पुलिस प्रशासन का विशेष ट्रैफिक प्लान
डीसीपी रविंदर पाल सिंह संधू ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि यह विशाल नगर कीर्तन ऐतिहासिक स्थल अकाली बाबा फूला सिंह जी के पावन स्थान से आरंभ होकर अपने निर्धारित रूट से होते हुए ग्राउंड में पहुंचा। नगर कीर्तन के पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े और व्यापक प्रबंध किए गए थे। ग्राउंड में पहुंचकर निहंग सिंहों और युवाओं द्वारा गतकेबाजी, शस्त्र कला और घुड़सवारी के हैरतअंगेज करतब दिखाए गए, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए।
श्रद्धालुओं और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया था। कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन किए गए ताकि शहर की नियमित आवाजाही बाधित न हो और नगर कीर्तन भी सुगमता से आगे बढ़ सके। इसके साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग और एम्बुलेंस सेवाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत चिकित्सीय सहायता पहुंचाई जा सके।
Bandi Chhod Divas Mohalla: 400 से अधिक जवानों का सुरक्षा घेरा
सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर संभाल रहे थे। उन्होंने जानकारी दी कि व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 3 एडीसीपी रैंक के वरिष्ठ अधिकारी, 5 एसीपी (असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस), संबंधित थानों के एसएचओ (थाना प्रभारी), इंस्पेक्टर्स और करीब 400 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। हर संवेदनशील प्वाइंट और मुख्य चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा। डीसीपी ने बताया कि सभी अधिकारियों और जवानों की सक्रियता के चलते पूरा समागम पूरी तरह अनुशासित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
