ऐलनाबाद, 09 मई ( एम पी भार्गव )जिला एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा पुलिस ने खंड के गांव भूर्टवाला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवती को भारी मात्रा में नशीले कैप्सूलों सहित गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी दीपक सहारण ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव भूर्टवाला में दो सगे बहन-भाई अपने घर पर अवैध रूप से नशीली दवाइयों की बिक्री का धंधा कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एंटी नारकोटिक्स सेल एवं ड्रग कंट्रोल विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया गया और गांव भूर्टवाला स्थित संदिग्ध घर पर दबिश दी गई। पुलिस टीम को देखकर आरोपी युवक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने पूजा रानी पुत्री मोहनलाल निवासी गांव भूर्टवाला को मौके पर गिरफ्तार कर ड्रग कंट्रोल विभाग के अधिकारी केशव वशिष्ठ तथा महिला कर्मचारी की मौजूदगी में तलाशी के दौरान युवती के घर से 6600 सिग्नेचर कैप्सूल तथा 300 टपेंडाडॉल कैप्सूल बरामद किए गए। बरामद नशीले कैप्सूलों को आगामी कार्रवाई हेतु ड्रग कंट्रोल विभाग के अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं तथा मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालकों को भी सख्त हिदायत दी कि वे बिना चिकित्सकीय पर्ची के किसी भी प्रकार की नशीली दवाइयों की बिक्री न करें और नशा विरोधी अभियान में पुलिस का सहयोग करें।
