Seva Sankalp Abhiyan Cricket Competition:’सेवा संकल्प अभियान’ के तहत क्रिकेट मैदान में उतरे एसपी दीपक सहारन, युवाओं को किया प्रेरित ।

युवा खेलों से जुड़कर समाज हित के कार्यों में अपना अहम योगदान दें : एसपी ।

Seva Sankalp Abhiyan Cricket Competition( एम पी भार्गव ): ऐलनाबाद के सिरसा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मंगलवार को जेसीडी विद्यापीठ, बरनाला रोड स्थित क्रिकेट स्टेडियम में युवाओं में जोश और उत्साह देखने को मिला। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन पहुंच कर खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और खुद युवाओं के साथ क्रिकेट खेलकर नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरे एसपी

19 से 23 सितंबर तक आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान एसपी दीपक सहारन ने कहा कि सेवा का मतलब केवल जरूरतमंद की मदद करना नहीं, बल्कि समाज की किसी बड़ी चुनौती को अपना संकल्प बनाकर उसके समाधान में योगदान देना भी है। उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के सामने बड़ी चुनौती है। इसके खिलाफ लड़ाई में पुलिस के साथ युवाओं और आमजन की भागीदारी भी जरूरी है।

युवा नशे को ना और सपनों को हां कहें

एसपी ने युवाओं से कहा कि नशा किसी समस्या का समाधान नहीं, बल्कि खुद एक बड़ी समस्या है। नशा कुछ समय के लिए ‘ आनंद दे सकता है, लेकिन पूरी जिंदगी को ‘बर्बाद’ कर देता है। इससे स्वास्थ्य के साथ आत्मविश्वास और परिवार की खुशियां भी प्रभावित होती हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे नशे और गलत संगत से दूर रहकर अपने सपनों पर ध्यान दें।

खेलों से सीखें अनुशासन और टीम भावना

एसपी दीपक सहारन ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का मजबूत माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के साथ शिक्षा और कौशल विकास पर भी ध्यान देने का आह्वान किया।

‘सेवा मेरा योगदान’ से समाज को दें सकारात्मक दिशा

एसपी दीपक सहारन ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका है। युवा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, जन-जागरूकता और सामाजिक सेवा जैसी गतिविधियों में भाग लेकर समाज को मजबूत बना सकते हैं। उन्होंने युवाओं और नागरिकों से सेवा गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का मकसद सेवा, समर्पण, संवेदना और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करते हुए युवाओं को समाज और राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ना है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.