Sirsa PO Arrest Solar Panel Theft Case: सोलर पैनल चोरी का प्रयास करने के मामले में 7 साल से फरार भगोड़ा आरोपी काबू ।

Sirsa PO Arrest Solar Panel Theft Case ( एम पी भार्गव ): ऐलनाबाद जिले में विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित भगोड़ों (पीओ) की धरपकड़ के लिए पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार कार्रवाई करते हुए सिविल लाइन थाना के अंतर्गत आने वाली हुड्डा पुलिस चौकी की टीम ने सोलर पैनल चोरी का प्रयास करने के मामले में करीब 7 साल से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सन्नी पुत्र प्रभुराम निवासी बुटा राम कॉलोनी, सिरसा के रूप में हुई है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि वर्ष 2019 में आरोपी सन्नी के खिलाफ थाना सिविल लाइन सिरसा में हुड्डा सेक्टर-19 स्थित फ्लैटों में रात्रि के समय सोलर पैनल चोरी करने का प्रयास करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान हुड्डा पुलिस चौकी की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। बाद में अदालत से जमानत मिलने पर आरोपी जेल से बाहर आ गया, लेकिन इसके पश्चात वह अदालत द्वारा निर्धारित तारीखों पर पेश नहीं हुआ।

पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश होने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन इसके बावजूद वह अदालत में हाजिर नहीं हुआ। लगातार गैरहाजिर रहने पर माननीय अदालत ने 20 जुलाई 2026 को आरोपी सन्नी को भगोड़ा अपराधी (पीओ) घोषित कर दिया। इसके बाद थाना सिविल लाइन में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 209 के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई। हुड्डा पुलिस चौकी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस द्वारा मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.