Rajasthan Panchayat Elections: चुनाव को लेकर सिरसा की सीमाओं पर कड़ा पहरा, हर वाहन की हो रही जांच; एसपी दीपक सहारन अलर्ट
Rajasthan Panchayat Elections ( एम पी भार्गव ): पड़ोसी राज्य राजस्थान में पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हरियाणा पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। राजस्थान के हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर क्षेत्रों में 3 और 5 नवंबर को होने वाले पंचायती राज संस्थाओं और ब्लॉक समिति चुनावों के मद्देनजर सिरसा जिले की राजस्थान से लगती सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकाबंदी कर हर आने-जाने वाले वाहन और व्यक्ति की बारीकी से जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर सीमावर्ती थानों और चौकियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। संबंधित थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
Panchayat Elections: राजस्थान पुलिस के साथ सूचनाएं साझा कर रही सिरसा पुलिस
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिरसा पुलिस राजस्थान पुलिस के साथ बेहतर तालमेल बनाकर काम कर रही है। दोनों राज्यों की पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए सीमावर्ती थानों के अधिकारियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। इसके माध्यम से पुलिस अधिकारी आपस में महत्वपूर्ण सूचनाएं साझा कर रहे हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जा सके।

Panchayat Elections: वांछित अपराधियों और भगोड़ों पर भी नजर
पंचायत चुनावों को देखते हुए सिरसा और राजस्थान पुलिस ने वांछित अपराधियों तथा भगोड़ों की सूची भी आपस में साझा की है। पुलिस ऐसे लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। इसके साथ ही सीमावर्ती इलाकों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की निगरानी की जा रही है, जिससे चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके।
Panchayat Elections: शांति भंग करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
एसपी दीपक सहारन ने कहा कि निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करवाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्थान की सीमा में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की गहन जांच की जाए। जांच के बाद ही नियमानुसार प्रवेश की अनुमति दी जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान शांति भंग करने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
