Lumpy Disease Haryana: लंपी बीमारी को लेकर भाजपा सरकार की लापरवाही ने पशुपालकों को तबाही के कगार पर पहुंचाया: चौधरी अभय सिंह चौटाला
Ellanabad, September 18 ( डॉ एम पी भार्गव ): इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा में तेजी से फैल रही लंपी बीमारी पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए भाजपा सरकार पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार की लापरवाही और कमजोर तैयारियों के कारण प्रदेश में लगभग 7600 गायें लंपी वायरस की चपेट में आ चुकी हैं और 70 से अधिक गायों की मौत हो चुकी है। बीमारी के बढ़ते प्रकोप से पशुपालकों में दहशत का माहौल है और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पशुपालकों की आजीविका पशुधन पर निर्भर है, लेकिन भाजपा सरकार उनकी इस गंभीर समस्या के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है।
सरकार के पास बीमारी की रोकथाम के लिए समय था, संसाधन थे और इनेलो ने समय रहते सरकार को संभावित खतरे से आगाह भी किया था, लेकिन सरकार ने चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया। आज सरकार की इसी लापरवाही का खामियाजा प्रदेश के पशुपालकों को अपने पशुधन की कीमत चुकाकर भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के मानसून सत्र में इनेलो पार्टी की तरफ से लंपी बीमारी की रोकथाम और उपचार को लेकर सरकार से सवाल किया था, लेकिन सरकार की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। सरकार ने 19 लाख पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा था, जबकि उस समय तक केवल 13 लाख 42 हजार पशुओं का ही टीकाकरण हो पाया था। इससे साफ है कि सरकार के दावे और जमीन पर किए गए काम में बड़ा अंतर है।
अभय सिंह चौटाला ने मांग की कि सरकार युद्धस्तर पर टीकाकरण और उपचार अभियान चलाए, प्रत्येक गांव में पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाए तथा लंपी बीमारी से पशु गंवाने वाले पशुपालकों को तत्काल उचित आर्थिक मुआवजा दे। उन्होंने कहा कि सरकार को अब भी चेत जाना चाहिए, क्योंकि पशुपालकों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
