Nayab Singh Saini: हरियाणा में चाय पर सीएम नायब सैनी और कुलदीप शर्मा की मुलाकात ने बढ़ाई सियासी चर्चा, हुड्डा से मतभेद भी रहे सुर्खियों में

Nayab Singh Saini Kuldeep Sharma Meeting: हरियाणा की राजनीति में बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप के बीच नेताओं की अनौपचारिक मुलाकातें भी कई बार चर्चा का विषय बन जाती हैं। पंचकूला में हरियाणा विधानसभा की ओर से आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मेलन में सोमवार को कुछ ऐसी ही तस्वीरें देखने को मिलीं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की चाय पर हुई मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी।

Nayab Singh Saini: साथ चाय पीते नजर आए कुलदीप शर्मा

जनप्रतिनिधि सम्मेलन के दौरान कुलदीप शर्मा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ सहज अंदाज में बैठकर चाय पीते नजर आए। दोनों नेताओं के बीच आत्मीय बातचीत की तस्वीरें चर्चा का केंद्र बन गईं। राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात को अलग-अलग नजरिये से देखा जा रहा है।

Diwali Wishes: सीएम नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं, बोले- अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाता है पर्व

दरअसल, कुलदीप शर्मा इन दिनों कांग्रेस के भीतर अपने राजनीतिक रुख और बयानों को लेकर चर्चा में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ उनके मतभेद भी सार्वजनिक रूप से सामने आते रहे हैं।

कुलदीप शर्मा के पारिवारिक रिश्ते भी हरियाणा की राजनीति से जुड़े हैं। उनके समधी पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा और समधन विधायक शक्ति रानी शर्मा भाजपा की राजनीति में सक्रिय हैं। विनोद शर्मा के बेटे कार्तिकेय शर्मा भाजपा के समर्थन से राज्यसभा सदस्य बने थे। कार्तिकेय शर्मा, कुलदीप शर्मा के दामाद हैं।

बताया जाता है कि कुलदीप शर्मा अपने बेटे चाणक्य पंडित के लिए करनाल लोकसभा सीट से कांग्रेस का टिकट मांग रहे थे, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला। इसके बाद से उनके राजनीतिक रुख को लेकर चर्चाएं तेज हुई हैं।

Nayab Singh Saini: ओम बिरला और भूपेंद्र हुड्डा ने थामा रामबिलास शर्मा का हाथ

सम्मेलन में राजनीतिक सौहार्द की एक और तस्वीर देखने को मिली। व्हीलचेयर पर बैठे हरियाणा के पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा का हाल जानने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला उनके पास पहुंचे। इस दौरान रामबिलास शर्मा ने शॉल ओढ़ाकर ओम बिरला का सम्मान किया।

इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी वहां पहुंच गए। खास बात यह रही कि रामबिलास शर्मा का एक हाथ ओम बिरला ने और दूसरा हाथ भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने थाम रखा था। इस दृश्य ने सम्मेलन में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

रामबिलास शर्मा और भूपेंद्र हुड्डा के बीच पुराने राजनीतिक प्रसंग भी चर्चा में रहे। बताया जाता है कि जींद विधानसभा उपचुनाव के दौरान कांग्रेस ने रणदीप सिंह सुरजेवाला को उम्मीदवार बनाया था। उस समय रामबिलास शर्मा ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा से कहा था कि अब आपका कांटा निकल गया है।

Nayab Singh Saini: जनप्रतिनिधि सम्मेलन में कई दिग्गज नेता हुए शामिल

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के निर्देशन में आयोजित इस सम्मेलन में वर्ष 1966 में हरियाणा के गठन के बाद से अब तक के पूर्व और वर्तमान जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नेताओं के अनुभवों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करना था।

सम्मेलन के दौरान राजनीतिक चर्चाओं के साथ नेताओं की अनौपचारिक मुलाकातें भी सुर्खियों में रहीं। हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता और इनेलो प्रमुख अभय सिंह चौटाला कार्यक्रम में नजर नहीं आए। हालांकि, उनके बेटे एवं विधायक अर्जुन चौटाला और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सम्मेलन में शामिल हुए।

इस तरह जनप्रतिनिधि सम्मेलन केवल अनुभव साझा करने का मंच नहीं रहा, बल्कि यहां हुई मुलाकातों ने हरियाणा की राजनीति में नए सियासी कयासों को भी जन्म दे दिया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.