Stray Dog Attack: नजदीकी ग्राम अमृतसर कलां में आवारा कुत्तों का आतंक, दो दिन में दो लोगों को बुरी तरह घायल किया, रेबीज की दहशत, ग्रामीणों में रोष
ग्रामीणों ने सरपंच, BDPO, SDM और DC को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की
Sirsa Stray Dog Attack (डॉ. एम. पी. भार्गव ): जिला सिरसा के गांव अमृतसर कलां में पिछले एक महीने से आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ऐलनाबाद रोड, अमृतसर खुर्द रोड, बुढीमेड़ी रोड और घग्गर नदी रोड पर झुंड के झुंड में घूम रहे आवारा कुत्तों के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
ग्रामवासियों द्वारा सरपंच को दी गई लिखित शिकायत के अनुसार पिछले एक महीने में 8 से अधिक हमले की घटनाएं हो चुकी हैं।
एक महीने की घटनाएं
- 4 अक्टूबर को गुरुद्वारे से लौट रही श्रीमती कुलवंत कौर पत्नी मास्टर गुरमेज सिंह को आवारा कुत्ते ने काट लिया, उनका इलाज चल रहा है। उसी दिन दुकानदार सेठ सुखदेव सिंह की पत्नी बलजीत कौर पर भी हमले की कोशिश हुई।
- 17 अक्टूबर को खेत से घर लौट रहे भूपेंद्र सिंह पुत्र बलजीत सिंह पर हमला हुआ, जिन्होंने कस्सी से अपनी जान बचाई।
- 22 अक्टूबर को गांव में फोटो स्टूडियो चलाने वाले सुभाष चंद्र पुत्र लीलाधर पर शाम के समय हमला हुआ।
- 10 अक्टूबर को पूर्व सरपंच दीदार सिंह पुत्र सुखदेव सिंह की गाय की बछड़ी को आवारा कुत्तों ने मार डाला।

Stray Dog Attack: 31 अक्टूबर की रात दो गंभीर हमले
ग्रामीणों के अनुसार सबसे भयावह घटना 31 अक्टूबर की रात हुई। रात 8:30 बजे पलविंदर सिंह पुत्र विरसा सिंह पर और रात 10:30 बजे लखविंदर सिंह पुत्र महेंद्र सिंह पर आवारा कुत्तों ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों का इलाज जारी है।
Stray Dog Attack: रेबीज की आशंका से और बढ़ी दहशत
ग्रामीणों ने विशेष चिंता जताई है कि 31 अक्टूबर को हमला करने वाले एक कुत्ते के मुंह से झाग और अत्यधिक लार निकल रही थी, जो रेबीज के लक्षण हो सकते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस कुत्ते ने अन्य कुत्तों को भी काटा है, जिससे पूरे गांव में रेबीज फैलने का खतरा बढ़ गया है। बिहार से मजदूरी करने आए राजू पुत्र माधो साहनी पर भी हमला हुआ है।
इस संबंध में समस्त ग्रामवासियों ने हस्ताक्षर करके शिकायत की प्रतिलिपि उपनिदेशक पशुपालन विभाग सिरसा, सीएमओ सिरसा, बीडीपीओ ऐलनाबाद, एसडीएम ऐलनाबाद और उपायुक्त सिरसा को भेजी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में जल्द से जल्द डॉग स्टरलाइजेशन और टीकाकरण अभियान चलाया जाए और रेबीज संदिग्ध कुत्तों को पकड़ा जाए।

[…] […]