Niadra Devi Pal Murder Case: निअदरा देवी पाल हत्याकांड में भीम सेना की एंट्री, पीड़ित परिवार से मिलकर न्याय का भरोसा
- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
Niadra Devi Pal Murder Case: मीरजापुर के जिगना थाना क्षेत्र के खैरा गांव में 70 वर्षीय निअदरा देवी पाल की कथित हत्या के मामले में भीम सेना ने संज्ञान लिया है। घटना के बाद डॉ. भीमराव सामाजिक सेवा समिति ‘भीम सेना’ के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट भीमराव गौतम ने पीड़ित परिवार से संपर्क कर मामले में न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
बताया गया कि गुरुवार देर रात वृद्ध महिला पर गांव के ही अंकित दुबे द्वारा लाठी से हमला किए जाने की घटना सामने आई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद एडवोकेट भीमराव गौतम ने जिगना थाना प्रभारी निरीक्षक और उपजिलाधिकारी सदर, मीरजापुर से फोन पर बातचीत कर मामले की जानकारी ली। उन्होंने प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
इसके बाद भीम सेना का प्रतिनिधिमंडल खैरा गांव स्थित पीड़ित परिवार के घर पहुंचा और परिजनों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने वीडियो कॉल के माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट भीमराव गौतम की भी पीड़ित परिवार से बातचीत कराई।
एडवोकेट भीमराव गौतम ने परिजनों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई।
एसडीएम ने भूमि पट्टे समेत मदद का दिया आश्वासन
मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी सदर, मीरजापुर ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को भूमि पट्टा सहित आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
भीम सेना की ओर से कहा गया कि संगठन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और न्याय की मांग को लेकर आवश्यक सहयोग जारी रखा जाएगा।
