तिब्बत के आसमान में दिखा कुदरत का चमत्कार! लाल-हरी बिजली से जगमगाया आकाश, VIDEO देख रह जाएंगे हैरान

तिब्बत के आसमान में कुदरत का एक ऐसा अद्भुत नजारा देखने को मिला, जिसने दुनियाभर के लोगों को हैरान कर दिया। समुद्र तल से करीब 5,000 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पूमा युमको झील के ऊपर अचानक आसमान लाल और हरे रंग की रहस्यमयी रोशनी से चमक उठा। इस दुर्लभ खगोलीय घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्या हैं रेड स्पाइट्स, जिन्होंने रंग दिया आसमान?

इस अनोखी घटना को चीनी एस्ट्रोफोटोग्राफर डोंग शुचांग ने अपने कैमरे में कैद किया। वीडियो में दिखाई देने वाली लाल रोशनी को वैज्ञानिक भाषा में रेड स्पाइट्स (Red Sprites) कहा जाता है। ये ट्रांजिएंट ल्यूमिनस इवेंट्स (TLEs) का हिस्सा हैं, जो धरती पर होने वाले शक्तिशाली तूफानों और बिजली गिरने के दौरान बादलों से 50 से 90 किलोमीटर ऊपर वायुमंडल में बनते हैं।

रेड स्पाइट्स अक्सर जेलीफिश या गाजर जैसी विशाल आकृतियों में दिखाई देते हैं और इन्हें बेहद दुर्लभ प्राकृतिक घटनाओं में गिना जाता है।

लाल रोशनी के साथ दिखीं रहस्यमयी ग्रीन घोस्ट लाइट्स

वीडियो में लाल रोशनी के साथ-साथ बेहद दुर्लभ ग्रीन घोस्ट (Green Ghost) लाइट्स भी दिखाई दीं। वैज्ञानिकों के अनुसार, जब शक्तिशाली रेड स्पाइट्स ऊपरी वायुमंडल में मौजूद ऑक्सीजन के अणुओं को उत्तेजित करते हैं, तो हरे रंग की चमक पैदा होती है। यह दृश्य ऐसा लगता है मानो आसमान में कोई हरा प्रकाशमान साया तैर रहा हो।

यह भी पढ़ें-  UP: आदेश की अवहेलना पर डीएम रामपुर के खिलाफ एक्शन, मानवाधिकार आयोग ने जारी किया 50 हजार का जमानती वारंट

AI नहीं, कैमरे में कैद हुई असली घटना

वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने इसे एआई या स्पेशल इफेक्ट्स का कमाल माना। हालांकि, फोटोग्राफर डोंग शुचांग ने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह वास्तविक फुटेज है और इसमें किसी प्रकार की एडिटिंग या डिजिटल इफेक्ट्स का इस्तेमाल नहीं किया गया है।

4 साल में पहली बार मिला ऐसा नजारा

डोंग शुचांग के मुताबिक, एस्ट्रोफोटोग्राफी के अपने चार साल के अनुभव में उन्होंने पहली बार इतनी स्पष्ट और विशाल स्पाइट लाइटनिंग रिकॉर्ड की है। तिब्बत की भीषण ठंड, कम ऑक्सीजन और ऊंचे पहाड़ी इलाके में पूरी रात जागकर इस दुर्लभ पल को कैद करना उनके लिए बड़ी चुनौती थी।

सोशल मीडिया पर लोगों की जबरदस्त प्रतिक्रिया

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोगों ने इसे “अंतरिक्ष का लाइट शो” बताया, तो कई यूजर्स ने इसे ब्रह्मांड के किसी रहस्यमयी द्वार के खुलने जैसा दृश्य बताया। कुदरत के इस अद्भुत नजारे ने विज्ञान प्रेमियों और आम लोगों, दोनों को रोमांचित कर दिया है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.