अमृतसर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, करीब 7 क्विंटल संदिग्ध देसी घी जब्त

सोनी डेयरी से पनीर के नमूने लिए, मिलावट के शक में घी का बड़ा स्टॉक कब्जे में, 48 टिन देसी घी सीज, प्रत्येक टिन में था 15 किलो घी

-बाजार भाव से काफी कम कीमत पर सप्लाई होने से बढ़ा संदेह

-लैब रिपोर्ट आने के बाद होगी कड़ी कार्रवाई, घी गैर-मानक पाया गया तो किया जाएगा नष्ट

  • रिपोर्ट: ललित शर्मा

अमृतसर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 7 क्विंटल संदिग्ध देसी घी जब्त किया है। यह कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग के सहायक आयुक्त राजिंदर सिंह की अगुवाई में की गई। अभियान पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, कमिश्नर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन कवलप्रीत कौर बराड़, डिप्टी कमिश्नर अमृतसर तलविंदरजीत सिंह तथा सिविल सर्जन के निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है।

सहायक आयुक्त राजिंदर सिंह ने बताया कि पिछले लगभग एक महीने से दूध, दही, पनीर, घी और अन्य दुग्ध उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बुधवार सुबह रामबाग क्षेत्र स्थित सोनी डेयरी में निरीक्षण किया गया।

उन्होंने बताया कि विभाग को डेयरी के संबंध में शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसके आधार पर वहां से पनीर के नमूने लिए गए। जांच के दौरान डेयरी में हरियाणा के सिरसा से सप्लाई किए गए “प्रभु देसी घी” ब्रांड के 48 टिन भी मिले। जब अधिकारियों ने खरीद और सप्लाई से संबंधित बिलों की जांच की तो पाया गया कि घी की खरीद कीमत बाजार में प्रचलित दरों की तुलना में काफी कम थी।

कम कीमत पर सप्लाई होने के कारण विभाग को घी की गुणवत्ता पर संदेह हुआ। इसके बाद 48 टिन, जिनमें प्रत्येक में 15 किलोग्राम घी था, को तत्काल सीज कर दिया गया। कुल मिलाकर लगभग 720 किलोग्राम यानी करीब 7 क्विंटल देसी घी को कब्जे में लिया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने पनीर और घी दोनों के नमूने लेकर जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि घी या अन्य उत्पाद मिलावटी अथवा गैर-मानक पाए गए तो पूरे स्टॉक को नष्ट करने के साथ-साथ संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

राजिंदर सिंह ने कहा कि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और आने वाले दिनों में इसे और तेज किया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.