खोया प्रवेश पत्र व आधार कार्ड मिला, समय रहते अभ्यर्थी को लौटाया
महिला सशक्तिकरण केंद्र और संस्था की पहल से मिली राहत
लखीसराय(सरफराज आलम)महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण केंद्र और विश्व बंधु मानव कल्याण सेवा संस्थान, नोंगगढ़ की संयुक्त पहल से ईमानदारी की मिसाल देखने को मिली। सहायक प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी चयन की लिखित परीक्षा में शामिल एक महिला अभ्यर्थी का खोया हुआ प्रवेश पत्र, प्रश्न पत्र और आधार कार्ड सुरक्षित वापस करा दिया गया।
जानकारी के अनुसार, यह कागजात तेतरहट मुख्य मार्ग पर संस्थान की सचिव गौरम्मा सिन्हा को मिला। उन्होंने इसकी सूचना जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) सह नोडल पदाधिकारी वंदना पांडेय को दी। इसके बाद महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने तत्परता दिखाते हुए आधार कार्ड में दर्ज पते के आधार पर नगर परिषद लखीसराय के वार्ड संख्या 25 की आंगनबाड़ी सेविका और वार्ड पार्षद को सूचित किया।
सूचना मिलने पर अभ्यर्थी की मां मालती देवी (पति बैजू साव) महिला सशक्तिकरण कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्हें सभी कागजात सौंप दिए गए। कागजात वापस मिलने पर उन्होंने खुशी जाहिर की और संबंधित कर्मियों का आभार जताया।
इस दौरान उन्हें महिला सशक्तिकरण केंद्र द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। पूरे प्रकरण में लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी का भी सराहनीय योगदान रहा।
