रोड़ी थाना क्षेत्र में चार गांवों में नुक्कड़ सभा कर नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान तेज

नशा समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय, हर व्यक्ति निभाए अपनी जिम्मेदारी: डीएसपी संजीव बल्हारा

ऐलनाबाद, सिरसा, 25 नवंबर।रोड़ी थाना क्षेत्र के चार गांव—कुरंगावाली, झोरड़ रोगी, भादड़ा व अलीकां—में सरपंचों और ग्रामीणों के साथ नुक्कड़ सभा आयोजित कर नशा उन्मूलन का संदेश दिया गया। इस दौरान डीसीपी संजीव बल्हारा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जो न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार और समाज की संरचना को भी कमजोर करती है।
उन्होंने कहा कि नशे के सेवन से व्यक्ति की सोच व व्यवहार में नकारात्मक बदलाव आते हैं, जिससे वह अपने परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में असफल रहता है। नशे के कारण अपराध बढ़ते हैं और समाज में असुरक्षा की स्थिति उत्पन्न होती है।
डीसीपी बल्हारा ने बताया कि सिरसा पुलिस नशा उन्मूलन के लिए गांव-गांव जाकर सेमिनार, जनसभाएं और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में नशे के दुष्परिणामों से युवाओं को बचाने और नशा पीड़ित युवकों को उपचार उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि नशा बेचने वालों की सूचना पुलिस को बिना किसी झिझक दें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। डीसीपी बल्हारा ने कहा कि परिवार, समाज और प्रशासन—तीनों के सहयोग से ही नशे जैसी समस्या का स्थायी समाधान संभव है।
कार्यक्रम में रोड़ी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह, चारों गांवों के सरपंचों सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.