लखनऊ। महिला थाना प्रभारी ने आकाश इंस्टिट्यूट में छात्राओं को डायल 112 एवं महिला सुरक्षा की दी विस्तृत जानकारी

ऐलनाबाद/सिरसा, 25 नवंबर ।जिला पुलिस अधीक्षक श्री दीपक सहारन के दिशा-निर्देश पर महिला थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर सुनीता देवी ने रविवार को आकाश इंस्टिट्यूट, सिरसा में छात्राओं को डायल-112, महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम और यात्रा सुरक्षा संबंधी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
महिला थाना प्रभारी सुनीता ने कहा कि “छात्राओं को सुरक्षित माहौल देना सिरसा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।” उन्होंने छात्राओं से कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि के दिखाई देने पर घबराने या चुप रहने की जरूरत नहीं है। छात्राएं पुलिस ऐप डाउनलोड कर अपनी यात्रा का पंजीकरण करें ताकि पुलिस हर समय उनके साथ संपर्क में रह सके।
उन्होंने बताया कि यात्रा पंजीकरण फॉर्म का लिंक आवेदक को एसएमएस के माध्यम से भेजा जाएगा, जिसे भरने के बाद डायल 112 की टीम हर आधे घंटे में कॉल कर उनकी सुरक्षा की जानकारी लेगी। आपात स्थिति में नजदीकी ईआरवी तुरंत मौके पर पहुंचेगी और जरूरत पड़ने पर परिवार के आपातकालीन नंबर पर भी संपर्क किया जाएगा।
महिला थाना प्रभारी ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य है कि “दिन हो या रात, हर महिला और छात्रा सुरक्षित यात्रा कर सके।” उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी बेटी या महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस का परम कर्तव्य है। यदि यात्रा के दौरान पुलिस से संपर्क टूटता है, तो डायल 112 की टीम अंतिम लोकेशन के आधार पर तुरंत सहायता के लिए पहुंच जाएगी।
इस दौरान महिला पुलिस टीमों ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा की जानकारी देते हुए चेताया कि किसी भी संदिग्ध लिंक, ईमेल या व्हाट्सऐप संदेश पर क्लिक न करें, वरना वे साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो सकती हैं।
कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मरक्षा के टिप्स भी बताए गए। महिला थाना प्रभारी ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में घबराने के बजाय साहस के साथ आत्मरक्षा करना आवश्यक है। उन्होंने डायल 112, महिला हेल्पलाइन 1091, महिला शिक्षा, अधिकारों तथा अन्य सुरक्षा उपायों की भी जानकारी दी।
अंत में महिला थाना प्रभारी ने आश्वस्त किया कि पुलिस हर समय उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है।
“जब भी जरूरत हो, तुरंत महिला हेल्पलाइन 1091 पर संपर्क करें”— महिला थाना प्रभारी सुनीता देवी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.