रामपुर: खाना बनाते समय पति ने पत्नी की गोली मारकर की हत्या, घंटों चला ड्रामा, आरोपी गिरफ्तार

रामपुर। जिले के सैफनी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक कलयुगी पति ने खाना बनाते समय अपनी पत्नी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी दूसरे घर की छत पर चढ़ गया और हाथ में तमंचा लहराते हुए घंटों तक पुलिस को चुनौती देता रहा। आखिरकार शाम होते-होते सैफनी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना सैफनी क्षेत्र के रायपुर मजरा गांव की है। जानकारी के अनुसार रामवीर खेती-किसानी कर अपने परिवार के साथ यहीं रहता था। शनिवार सुबह उसकी पत्नी शीला (35) चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान पत्नी के खाने के लिए बुलाने पर अचानक रामवीर आपा खो बैठा और पत्नी के सिर पर तमंचे से गोली चला दी। गोली लगने से शीला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी रामवीर दूसरे मकान की छत पर चढ़ गया और पुलिस को देख तमंचा लहराते हुए फिल्मी अंदाज में फायरिंग करने लगा। पुलिस व स्थानीय लोगों ने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। कई घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे काबू में कर लिया।
पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र ने बताया कि आरोपी रामवीर को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.