Aliganj Police Encounter: अलीगंज में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो इनामी अभियुक्त गिरफ्तार, एक घायल
Etah Police Encounter: जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस और दो व्यक्तियों के बीच मुठभेड़ होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने मौके से दो तमंचे, कारतूस, एक बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल और 2,520 रुपये बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 9 अक्टूबर की रात करीब 11:50 बजे अलीगंज थाना पुलिस ग्राम नगला किस्स के पास एटा रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया।
ये भी पढ़ें– एटा में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, 11 गिरफ्तार; एक लाख से अधिक नकदी बरामद
Etah Police Encounter: मोटरसाइकिल सवारों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग
पुलिस का कहना है कि मोटरसाइकिल सवारों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग की और कैल्ठा रोड की ओर भागने लगे। पीछा करने पर वे ईदगाह मार्ग की तरफ मुड़ गए। कुछ दूरी पर कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल गिरने के बाद भी फायरिंग किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

पुलिस के मुताबिक, जवाबी फायरिंग में एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस ने गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान रामपाल उर्फ रामवीर और बिजेन्द्र उर्फ बागड़ी, निवासी जनपद कासगंज, के रूप में बताई है।
