ऐलनाबाद ,30 मई(एम पी भार्गव): भारत सरकार द्वारा 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ निर्धारित की गई है। इसके तहत जिला, उपमंडल से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक विभिन्न योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि योग के जीवन में महत्व के बारे में हर व्यक्ति को अवगत करवाया जा सके। आगामी 21 जून को योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला, उपमंडल और ब्लॉक स्तर पर भी विशेष योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर प्रदेश के सभी जिला अधिकारियों की बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को इस वर्ष व्यापक जनभागीदारी के साथ उत्साहपूर्वक मनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग योग के प्रति जागरूक होकर इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करें।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि योग कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। इसके अलावा स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों तथा आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। सिरसा लघु सचिवालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में बैठक में एसडीएम राजेंद्र कुमार, नगराधीश अजय सिंह उप पुलिस अधीक्षक आदर्शदीप सिंह, जिला योग कोऑर्डिनेटर डॉ. सुरेंद्र पाल नागर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
