स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा अभियान को मिली नई गति, 100 करोड़ रुपये से अधिक की 9 स्वास्थ्य परियोजनाओं का लोकार्पण

ऐलनाबाद ,सिरसा, 30 मई ( एम पी भार्गव ): स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा अभियान के तहत मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा सरकार की स्वास्थ्य के क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये से अधिक की 9 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुक्रवार को पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लोकार्पण किया। सिरसा के लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का यहां लाइव प्रसारण भी दिखाया गया।

सिरसा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिक्षामंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। स्वस्थ हरियाणा से सुदृढ हरियाणा बने, इसी मुख्य फोकस के आधार पर सरकार निरंतर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में बढोतरी कर रही है। आज सरकारी अस्पतालों में लैब रिपोर्ट भी कुछ ही समय में उपलब्ध हो रही है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि सेवा परमो धर्म ही मूल आधार है। इसी पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी जी जान से मेहनत भी करते हैं।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से आव्हान किया कि वे निष्ठा व ईमानदारी से काम करें ताकि हर गरीब व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार पीपीपी मॉडल पर स्वास्थ्य सेवाओं के और अधिक सुधार के लिए भी काम कर रही है। उन्होंने बताया कि आज इस कार्यक्रम में जिला सिरसा को भी स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में कई सौगातें मिली है, जोकि लगभग पांच करोड़ रुपये की है। इन परियोजनाओं के माध्यम से जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक मजबूत किया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.