सिरसा वासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं,आईए हम सब मिलकर नव वर्ष पर युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए, दृढ़ संकल्प लें :- एसपी
एसपी सिरसा दीपक सहारन ने ‘‘युद्ध नशे के विरुध‘‘अभियान के तहत सेल्फी स्टैंड का शुभारंभ कर नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई
ऐलनाबाद (एम पी भार्गव) जिला पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने नव वर्ष के अवसर पर शहर सिरसा के लाल बत्ती चौक पर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचकर सिरसा वासियों व मीडिया कर्मियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की । इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने ‘‘युद्ध नशे के विरुध‘‘अभियान के तहत सेल्फी स्टैंड का शुभारंभ कर उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई । पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सेल्फी स्टैंड का उदेश्य प्रत्येक व्यक्ति को नशे से दूर रहने की शपथ लेकर खुद की फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर ज्यादा से ज्यादा लोगों को नशे के खिलाफ जागरुक करें ताकि समाज में सेल्फी के माधमय से नशे के खिलाफ एक सकारात्मक संदेश आमजन तक पंहुचाया जा सके । इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सिरसा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में प्रत्येक व्यक्ति को नव वर्ष पर यह प्रण लेना चाहिए की न तो वह नशा करेगा और न ही अपने आस-पास बिकने देगा । पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हर परिवार का सदस्य यदि यह संकल्प ले कि वह नशे से दूर रहेगा, तो समाज स्वतः ही सुरक्षित व समृद्ध बन सकता है । नशा न केवल मनुष्य की आर्थिक व शारिरिक स्वास्थ्य को हानि पहुंचाता है, बल्कि यह अपराध,घरेलू हिंसा, मानसिक तनाव और सामाजिक असंतुलन जैसी समस्याओं को भी जन्म देता है । उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरुक होना होगा और दूसरों को भी नशा न करने के लिए प्रेरित करना होगा । पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा मुक्ति की दिशा में आम नागरिकों व युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने के लिए हर संभव प्रयास करना पुलिस की पहली प्राथमिकता है । पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने आमजन व युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार, बच्चों, मित्रों को नशे के दुष्परिणाम के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि नशामुक्ति की शुरुआत हमें अपने घर व आस पड़ोस से करनी चाहिए । आपके आसपास यदि कोई व्यक्ति नशे से पीड़ित है तो नशा छुडवाने के लिए उसकी मदद करें अन्य पुलिस विभाग को सूचना दें ताकि समय रहते नशे से पीड़ित व्यक्ति का स्थानीय प्रशासन के सहयोग से ईलाज करवाकर समाज की मुख्यधारा में लाया जा सकें । यदि आपके आस-पास कोई नशा बेचता है तो ऐसे लोगों की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके । उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को घर-घर तक पहुँचाकर सिरसा को ‘‘नशा मुक्त‘‘ बनाने में अग्रणी भूमिका निभाएं । “नशे से दूरी है ज़रूरी‘‘ यह सिर्फ नारा नहीं, एक संकल्प है । आइए! एकजुट होकर नव वर्ष पर सिरसा को नशा मुक्त बनाने की ओर कदम बढ़ाएं ।
