विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद 2027 का आयोजन होगा दिल्ली में, 15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे भाग
जिला युवा अधिकारी ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की
Ellenabad, September 8 ( एम पी भार्गव ): युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत मेरा युवा भारत की ओर से आयोजित किए जा रहे विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रतिभा, विचार और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। जिला युवा अधिकारी धनपत सिंह ने जिले के युवाओं से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है।
10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में होगा राष्ट्रीय कार्यक्रम
जिला युवा अधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 का राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर होने वाले इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं की नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को अपनी प्रतिभा और सोच को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने के साथ-साथ राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका को समझने का अवसर देगा।
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता से शुरू होगी चयन प्रक्रिया
धनपत सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए युवाओं के चयन की प्रक्रिया विभिन्न चरणों में पूरी की जाएगी। इसकी शुरुआत डिजिटल माध्यम से आयोजित होने वाली विकसित भारत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता से होगी।
प्रतियोगिता में चयनित युवाओं को अगले चरण में डिजिटल निबंध लेखन, जिला स्तरीय प्रस्तुति और राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
युवा उद्यमिता से लेकर युवा संसद तक होंगी गतिविधियां
विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद के तहत युवाओं के लिए विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें विकसित भारत चैलेंज, सांस्कृतिक गतिविधियां, सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियां, युवा उद्यमिता और युवा संसद प्रमुख रूप से शामिल हैं।
जिला युवा अधिकारी ने युवाओं से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करें और अपनी प्रतिभा, रचनात्मक सोच तथा नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाएं।
