वाराणसी साइबर क्राइम थाना की टीम ने ऑनलाइन बेटिंग और सट्टेबाजी के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने जगतगंज क्षेत्र स्थित एक किराये के कमरे में छापेमारी कर कानपुर निवासी दो आरोपियों, दीपक सिंह और नवनीत सिंह को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क का संचालन कर रहे थे और विभिन्न माध्यमों से लोगों को सट्टेबाजी में शामिल कर रहे थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 09 मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड और एक एटीएम कार्ड बरामद किया। इसके अलावा जांच में बेटिंग पैनल, बैंक खातों से जुड़े क्यूआर कोड, यूजर आईडी तथा डिजिटल लेनदेन से संबंधित महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी मिले हैं। बरामद सामग्री से ऑनलाइन सट्टेबाजी के संगठित नेटवर्क के संचालन की पुष्टि होने की बात सामने आई है।
साइबर क्राइम थाना की जांच के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो बैंक खातों में जमा लगभग 5 लाख रुपये की धनराशि सीज कराई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और बरामद डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच आगे बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण खुलासे भी हो सकते हैं। साइबर क्राइम थाना ने आम लोगों से ऑनलाइन बेटिंग और सट्टेबाजी जैसे अवैध कार्यों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
Khabre Junction (खबरें जंक्शन) is an emerging channel of the country. Where we introduce .. every news of your state and city. You will also be able to enjoy breaking news, politics, sports and entertainment related to the public interest of the country and the world here.
Next Post
