यूपीटीईटी परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न, 2701 अभ्यर्थी हुए शामिल
11 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा एवं निगरानी के बीच आयोजित हुई परीक्षा
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
जनपद रामपुर में आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) का तीसरे दिवस शनिवार को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुआ।
परीक्षा जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कड़ी सुरक्षा एवं प्रशासनिक निगरानी के बीच आयोजित कराई गई। परीक्षा केवल प्रथम पाली में आयोजित हुई। इस पाली में कुल 2,990 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2,701 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 239 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में 92 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई थी। सभी अधिकारियों ने अपने दायित्वों का पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया, जिससे परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच, सीसीटीवी निगरानी तथा अन्य व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से संचालित रहीं।
जिलाधिकारी ने परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष आयोजन में सहयोग देने वाले सभी प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से जनपद में यूपीटीईटी परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।
