Rampur River Conservation Campaign: स्वच्छता ही सेवा अभियान में छात्र-छात्राओं ने दिया नदी संरक्षण का संदेश

निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को किया सम्मानित, दिलाई स्वच्छता की शपथ

Rampur River Conservation Campaign: जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशन और प्रभागीय निदेशक के मार्गदर्शन में जिला गंगा समिति की ओर से स्वच्छता ही सेवा एवं विशेष अभियान के तहत सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रामपुर में नदी, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता, जागरूकता रैली और गंगा शपथ का आयोजन किया गया। जिला परियोजना अधिकारी लव कुमार के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यार्थियों ने निबंध और चित्रकला के माध्यम से नदी, जल एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने पर प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

नदी में कूड़ा और प्लास्टिक न डालने की अपील

जिला परियोजना अधिकारी लव कुमार ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नदियों, जल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से नदियों में कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक, घरेलू अपशिष्ट और अन्य प्रदूषित सामग्री नहीं डालने की अपील की।

उन्होंने नदी तटों को स्वच्छ रखने के साथ अधिक से अधिक पौधरोपण और जल संरक्षण पर भी जोर दिया। साथ ही विद्यार्थियों से अपने आसपास के लोगों को नदी संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की।

नदी संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी

लव कुमार ने कहा कि नदी संरक्षण केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है। प्रशासन, स्थानीय निकाय, विद्यालय, स्वयंसेवी संस्थाएं, ग्राम पंचायतें और आम नागरिक मिलकर ही नदियों को स्वच्छ और सुरक्षित रखने में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर नदी को स्वच्छ रखने और जल संरक्षण का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में जिला परियोजना अधिकारी लव कुमार ने छात्र-छात्राओं को स्वच्छता एवं नदी संरक्षण की शपथ दिलाई।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.