मोदीनगर क्षेत्र के ग्राम खुर्रमपुर में स्थित खसरा नंबर 387 की सरकारी भूमि पर कथित रूप से चल रहे कार्य को लेकर विवाद गहरा गया है। भारतीय किसान यूनियन भानु संगठन ने आरोप लगाया है कि जिस जमीन का मामला न्यायालय में विचाराधीन है, उस पर आज 25 मई 2026 को दोबारा कार्य शुरू करा दिया गया। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि न्यायालय में मुकदमा लंबित होने के बावजूद जमीन पर निर्माण अथवा अन्य कार्य करना नियमों के विरुद्ध है।
भाकियू भानु के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि आखिर पटवारी ने किसके आदेश पर यह कार्य शुरू कराया है, इसकी जानकारी प्रशासन को सार्वजनिक करनी चाहिए। संगठन के लोगों ने बताया कि मामले की सूचना तुरंत उपजिलाधिकारी मोदीनगर को फोन के माध्यम से दे दी गई है और कार्य रुकवाने की मांग की गई है।
किसान नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिन के भीतर संबंधित दबंग व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और सरकारी भूमि पर चल रहे कार्य को नहीं रोका गया, तो भारतीय किसान यूनियन भानु संगठन तहसील मोदीनगर का घेराव करेगा। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक धरना और प्रदर्शन जारी रहेगा।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन विवाद को देखते हुए क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
