Patna: हरिवंश राय बच्चन की जयंती पर 27 नवंबर को पटना में सजेगी कविता और संगीत की महफिल, ‘कविताई एक दुपहरी’ का होगा आयोजन
- रिपोर्ट: प्रेम सिन्हा
Harivansh Rai Bachchan Jayanti 2026 Patna: हिंदी साहित्य के महान कवि एवं पद्म भूषण डॉ. हरिवंश राय बच्चन की जयंती के अवसर पर ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) की ओर से 27 नवंबर को विशेष साहित्यिक कार्यक्रम ‘कविताई एक दुपहरी’ का आयोजन किया जाएगा। जीकेसी के कला-संस्कृति प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम दोपहर 3 बजे रॉयल गार्डन अपार्टमेंट, नागेश्वर कॉलोनी, पटना में होगा। इसमें प्रदेश के प्रतिष्ठित कवि और साहित्य प्रेमी शामिल होकर बच्चन जी की साहित्यिक विरासत को याद करेंगे।
कविता पाठ और संगीत के जरिए याद किए जाएंगे हरिवंश राय बच्चन
कार्यक्रम में हरिवंश राय बच्चन की कालजयी कविताओं का काव्यपाठ किया जाएगा। इसके साथ ही उनकी प्रसिद्ध रचना ‘मधुशाला’ की चुनिंदा पंक्तियों की भावपूर्ण प्रस्तुति और उनकी रचनाओं पर आधारित गीत-संगीत के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इस दौरान सदाबहार हिंदी गीतों की प्रस्तुतियां भी होंगी। साथ ही बच्चन जी के व्यक्तित्व, साहित्यिक योगदान और उनकी रचनाओं के जीवन दर्शन पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
‘मधुशाला’ ने हिंदी साहित्य को दी नई पहचान: राजीव रंजन प्रसाद
जीकेसी के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि हरिवंश राय बच्चन हिंदी साहित्य के ऐसे कालजयी साहित्यकार हैं, जिनकी रचनाओं में जीवन दर्शन, मानवीय संवेदना और संघर्ष की गहरी अभिव्यक्ति देखने को मिलती है। ‘मधुशाला’ जैसी अमर कृति ने हिंदी साहित्य को नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं।
उन्होंने कहा कि ‘कविताई एक दुपहरी’ का आयोजन महान साहित्यकार को श्रद्धांजलि देने के साथ नई पीढ़ी में साहित्य और संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करने का प्रयास है।
युवा पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने की पहल
जीकेसी की प्रबंध न्यासी रागिनी रंजन ने कहा कि हरिवंश राय बच्चन की कविताएं जीवन के विविध रंगों और मानवीय संवेदनाओं को खूबसूरती से प्रस्तुत करती हैं। उनकी साहित्यिक विरासत को याद करना और युवाओं को कविता एवं साहित्य से जोड़ना सराहनीय पहल है।
वहीं, जीकेसी के ग्लोबल उपाध्यक्ष सह बिहार प्रदेश अध्यक्ष दीपक कुमार अभिषेक ने कहा कि बच्चन जी की रचनाएं हिंदी साहित्य की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम साहित्य और संस्कृति को नई पीढ़ी से जोड़ने का अवसर प्रदान करेगा।
जीकेसी के ग्लोबल कार्यकारी अध्यक्ष एवं कला-संस्कृति प्रकोष्ठ के प्रेम कुमार ने भी आयोजन को महान साहित्यकार के योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने और युवाओं में हिंदी कविता के प्रति रुचि बढ़ाने की सुंदर पहल बताया।
डॉ. राश दादा राश होंगे कार्यक्रम के संयोजक
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. राश दादा राश ने बताया कि आयोजन में कविता पाठ, ‘मधुशाला’ की चुनिंदा पंक्तियों की प्रस्तुति और गीत-संगीत के विशेष कार्यक्रम होंगे।
जीकेसी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मुकेश महान के अनुसार, कार्यक्रम के सह-संयोजक कुमार संभव, राकेश कुमार, अश्वनी वर्मा और स्मिता वर्मा हैं। वहीं, मंच संचालन की जिम्मेदारी श्वेता सुरभि, अजय अम्बस्ठ और पल्लवी विक्की संभालेंगे।
