Triple Death Case: अमृतसर में मां और दो पालतू कुत्तों की गोली मारकर हत्या, बेटे ने भी की आत्महत्या; CCTV में कैद हुई वारदात
Amritsar Triple Death Case: पंजाब के अमृतसर में मंगलवार सुबह गोलीबारी की एक दर्दनाक घटना सामने आई। गुमटाला क्षेत्र के जुझार सिंह एवेन्यू स्थित कोठी नंबर 182 में रहने वाले करीब 50 वर्षीय हरप्रीत सिंह ने कथित तौर पर अपनी बुजुर्ग मां और दो पालतू कुत्तों को गोली मार दी। इसके बाद घर के पीछे स्थित एक खाली प्लॉट में जाकर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
सुबह करीब 9:30 बजे गोलियों की आवाज से दहला इलाका
जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे की है। हरप्रीत सिंह ने कथित तौर पर पहले अपने दोनों पालतू कुत्तों को गोली मारी और फिर अपनी मां की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह घर से बाहर निकला और पीछे स्थित खाली प्लॉट में जाकर खुद को गोली मार ली।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य बाहर आए तो घटना का पता चला। हरप्रीत सिंह की भाभी अपनी दो बेटियों के साथ घर के एक कमरे में सो रही थीं। गोलियों की आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई। हालांकि, वह और उनकी दोनों बेटियां सुरक्षित बच गईं।
इंग्लैंड से लौटा था हरप्रीत सिंह, मानसिक तनाव की बात आई सामने
पुलिस अधिकारी दविंदर सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि हरप्रीत सिंह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहा था। वह वर्ष 2021 में इंग्लैंड से भारत लौटा था और यहां कोई कामकाज नहीं करता था।
पुलिस को परिवार के सदस्यों से यह भी जानकारी मिली है कि हरप्रीत सिंह का अपनी मां के साथ अक्सर विवाद होता था। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
पहले भी पिस्तौल लेकर गली में घूमता था आरोपी
हरप्रीत सिंह की भाभी ने बताया कि वह पहले भी कई बार पिस्तौल लेकर घर के आसपास और गली में घूमता रहता था। परिवार के मुताबिक, घर में लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। कैमरों की फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है, जिसकी जांच की जा रही है।
बताया गया है कि हरप्रीत सिंह के छोटे भाई की भी करीब एक साल पहले मौत हो चुकी थी।
पुलिस और FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी दविंदर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
गुमटाला के पार्षद रमनदीप सिंह ने बताया कि उन्हें फोन के माध्यम से घटना की जानकारी मिली थी। उनके अनुसार, परिवार करीब एक साल पहले ही इस कोठी में रहने आया था। परिवार का किसी के साथ जमीन या अन्य किसी तरह का विवाद होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की बेटी और परिवार के अन्य सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और इस्तेमाल किए गए हथियार की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
