अमृतसर में पुलिस चौकी से 50 कदम दूर युवक की गोली मारकर हत्या, एक्टिवा सवारों ने मारी गोली

Amritsar: अमृतसर में बेखौफ बदमाशों ने पुलिस चौकी से महज करीब 50 कदम की दूरी पर 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना गुरुवार रात करीब 10:50 बजे इस्लामाबाद थाना क्षेत्र की कोट खालसा पुलिस चौकी के पास हुई। मृतक की पहचान साहिल गिल के रूप में हुई है, जो जोमैटो में डिलीवरी का काम करता था। गोली लगने के बाद गंभीर हालत में उसे अमनदीप अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सब्जी लेने घर से निकला था साहिल, एक्टिवा सवार युवकों ने मारी गोली

जानकारी के मुताबिक साहिल अपने घर से सब्जी लेने के लिए निकला था। घर से करीब 40 कदम की दूरी पर एक्टिवा सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और उस पर दो गोलियां चला दीं। इनमें से एक गोली साहिल के सीने के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने साहिल के परिवार को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल अस्पताल लेकर गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

दो साल पहले हुई थी शादी, छह महीने का बच्चा भी

मृतक के पिता मुख्तियार सिंह ने बताया कि साहिल घर से सब्जी लेने निकला था। करीब 10 मिनट बाद मोहल्ले के लोगों ने घर पहुंचकर गोली मारे जाने की जानकारी दी। परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो साहिल घायल अवस्था में पड़ा था।

परिजनों के अनुसार साहिल की करीब दो वर्ष पहले शादी हुई थी और उसका छह महीने का बच्चा भी है। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और हत्या के कारणों का पता लगाने की मांग की है।

SHO से ADCP तक के अधिकारी मौके पर पहुंचे

पुलिस चौकी के बेहद नजदीक हुई हत्या की सूचना मिलते ही इस्लामाबाद थाना पुलिस के SHO समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। ADCP स्तर के अधिकारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के निर्देश दिए।

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस वारदात के पीछे के कारणों का भी पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान होने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.