Sanjay Kumar Nishad: मत्स्य पालकों की समस्याओं पर मंत्री संजय निषाद सख्त, बोले- योजनाओं का लाभ पात्रों तक समय से पहुंचाएं अधिकारी

  • रिपोर्ट: मंजय वर्मा

Sanjay Kumar Nishad Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मत्स्य विभाग के मंत्री संजय कुमार निषाद ने बुधवार को मीरजापुर स्थित जिला पंचायत सभागार में मत्स्य पालकों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और मत्स्य पालकों की समस्याएं सुनीं। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मत्स्य पालकों के आर्थिक विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंचाने के निर्देश दिए।

मत्स्य पालकों की आय बढ़ाने के लिए सरकार चला रही योजनाएं

बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री संजय कुमार निषाद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से मत्स्य पालकों को तालाबों के पट्टे, मछली पालन के लिए अनुदान, प्रशिक्षण, बीमा और बाजार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Akali BJP alliance: पंजाब में अकाली-भाजपा गठबंधन को अविनाश राय खन्ना ने बताया ऐतिहासिक, दिसंबर 2029 तक नशामुक्त राज्य बनाने का दावा

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य मत्स्य पालकों की आय में वृद्धि करना और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। इसके लिए विभाग हर संभव सहयोग करेगा।

निषाद समाज को शिक्षा से जोड़ने पर दिया जोर

मंत्री ने कहा कि निषाद समुदाय को शिक्षा से जोड़कर समाज की मुख्यधारा में लाना उनकी प्रमुख प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज शिक्षित नहीं होगा, तब तक वास्तविक विकास संभव नहीं है।

उन्होंने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए आगे आने की अपील की। इस दौरान उन्होंने निषाद समुदाय को अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने के मुद्दे पर भी जोर दिया।

मत्स्य पालकों की समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

बैठक के दौरान मत्स्य पालकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। संजय निषाद ने सभी की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी मत्स्य पालक का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिले।

तालाब आवंटन में पारदर्शिता और आधुनिक प्रशिक्षण पर जोर

मंत्री ने मत्स्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि तालाबों के आवंटन में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए और मत्स्य पालकों को नियमित रूप से प्रशिक्षण दिया जाए।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से मछली उत्पादन बढ़ाया जा सकता है। इसके लिए मत्स्य पालकों को नई तकनीकों की जानकारी देना जरूरी है।

बैठक में मत्स्य विभाग के अधिकारी, मत्स्य पालक और निषाद समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.