Drone smuggling: सीमा पार ड्रोन तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार; 9 पिस्तौल और 1.313 किलो हेरोइन बरामद
Drone smuggling network Punjab: पंजाब पुलिस ने नशा और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से संचालित ड्रोन तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 9 अवैध पिस्तौल और 1 किलो 313 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस कमिश्नर हरमनवीर सिंह गिल ने प्रेस वार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी।
पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी जा रही थी हथियार और हेरोइन की खेप
पुलिस कमिश्नर हरमनवीर सिंह गिल के मुताबिक, बरामद हथियार और हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में भेजे गए थे। इस मामले में पुलिस ने चार अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। गिरफ्तार सात आरोपियों में एक शहर का रहने वाला है, जबकि छह आरोपी आसपास के सीमावर्ती जिलों से ताल्लुक रखते हैं।
जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी एक ही इलाके और आसपास के गांवों के रहने वाले हैं। आपसी जान-पहचान के चलते वे मिलकर तस्करी के नेटवर्क में काम कर रहे थे।
विदेश में बैठे गैंगस्टरों के इशारे पर चल रहा था नेटवर्क
पुलिस जांच के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टरों के संपर्क में थे। इन गैंगस्टरों के संबंध पाकिस्तानी तस्करों से बताए जा रहे हैं। इनके इशारे पर ड्रोन के माध्यम से सीमा पार से भेजी जाने वाली खेप को उठाने और आगे सप्लाई करने का काम किया जाता था।

बताया गया कि यह गिरोह पिछले करीब एक से डेढ़ साल से सक्रिय था। पुलिस अब विदेश में बैठे हैंडलरों और पाकिस्तानी तस्करों से जुड़े संपर्कों की भी जांच कर रही है।
दिहाड़ी मजदूरी करने वाले युवाओं को पैसों का लालच देकर फंसाया
जांच में यह बात भी सामने आई है कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पेशेवर अपराधी नहीं हैं। इनमें से कई दिहाड़ी मजदूरी का काम करते थे। विदेश में बैठे गैंगस्टरों ने युवाओं को पैसों का लालच देकर तस्करी के नेटवर्क में शामिल किया था।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि कुछ का यह पहला अपराध बताया जा रहा है। सभी आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
नेटवर्क की आगे-पीछे की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब इस पूरे गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि हथियारों और हेरोइन की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और विदेश में बैठकर नेटवर्क संचालित करने वाले मुख्य आरोपी कौन हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि जांच के दौरान और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी हो सकती है।
