सोशल मीडिया पर ‘दबंगई’ दिखाने वालों पर यूपी पुलिस की पैनी नजर, डीजीपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने सोशल मीडिया के जरिए भय और दबंगई का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे लोगों की गतिविधियों पर यूपी पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर सक्रिय असामाजिक तत्वों की निगरानी
पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान डीजीपी राजीव कृष्ण ने कानून व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों से फीडबैक लिया। उन्होंने पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए जरूरी निर्देश भी जारी किए।
डीजीपी ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस मोहल्ला स्तर तक असामाजिक गतिविधियों की निगरानी कर रही है। सोशल मीडिया के जरिए लोगों में भय फैलाने, दबाव बनाने या असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
‘दबंग’ बनने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
राजीव कृष्ण ने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर खुद को प्रभावशाली या दबंग साबित करने की कोशिश करते हैं और आसपास के लोगों में डर का माहौल पैदा करते हैं। ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से समाज में भय का वातावरण बनाने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
संदिग्ध अकाउंट्स पर सर्विलांस टीम की नजर
डीजीपी के अनुसार, उत्तर प्रदेश पुलिस की सर्विलांस टीमें ऐसे सभी संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लगातार नजर रख रही हैं, जो लोगों को प्रभावित करने या असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास करते हैं।
अपराधियों के हौसले पस्त, कानून व्यवस्था मजबूत
डीजीपी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपराधियों के हौसले कमजोर पड़े हैं और पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि एक समय प्रदेश में अपराध चरम पर था, लेकिन अब स्थिति काफी बदल चुकी है।
उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों के बीच यूपी पुलिस ने भरोसेमंद छवि बनाई है। साथ ही पुलिस विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को लगातार जागरूक भी कर रही है।
