दिल्ली की ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली में उमड़ा जनसैलाब, Kumari Selja बोलीं- भाजपा सरकार के खिलाफ जनता में आक्रोश

Kumari Selja News: कुमारी सैलजा ने नई दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली को लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण जनआंदोलन बताया।

Kumari Selja Statement Congress Rally Delhi: (डॉ. एम.पी. भार्गव, विशेष संवाददाता) सिरसा से कांग्रेस सांसद, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य कुमारी सैलजा ने नई दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली को लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण जनआंदोलन बताया। उन्होंने कहा कि रैली में उमड़ा जनसैलाब केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के प्रति जनता के बढ़ते आक्रोश का प्रमाण है।

हरियाणा और उत्तराखंड से बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ता

कुमारी सैलजा ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों, विशेषकर हरियाणा और उत्तराखंड से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता अपने लोकतांत्रिक अधिकारों और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। उन्होंने महारैली में शामिल हुए सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम नागरिकों का आभार जताया।

संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का लगाया आरोप

कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को लगातार कमजोर कर रही है। संसद में विपक्ष को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा का पर्याप्त अवसर नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध का सम्मान होना चाहिए, लेकिन सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

मुंबई में 20 दिसंबर को होगा विराट कायस्थ महासम्मेलन, राजीव रंजन प्रसाद ने समाज से की भागीदारी की अपील

कुमारी सैलजा ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता और स्वतंत्रता को लोकतंत्र की बुनियाद बताते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों का सरकार को पारदर्शिता के साथ जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त का बचाव कर अपनी दोहरी नीति उजागर कर रही है।

वोट के अधिकार की रक्षा के लिए जारी रहेगा संघर्ष

सांसद ने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक मर्यादाओं और प्रत्येक नागरिक के वोट के अधिकार की रक्षा के लिए है। चुनावी प्रक्रिया के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखना सरकार और संवैधानिक संस्थाओं की जिम्मेदारी है।

पुलिस-प्रशासन के बल पर जनता की आवाज नहीं दबाई जा सकती

कुमारी सैलजा ने शांतिपूर्ण राजनीतिक प्रदर्शनों की अनुमति में आने वाली बाधाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। पुलिस और प्रशासन का इस्तेमाल राजनीतिक असहमति को दबाने के लिए नहीं होना चाहिए। जनता की आवाज को प्रशासनिक दबाव के बल पर नहीं दबाया जा सकता।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की महारैली से निकला संदेश देश के गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की जागरूक जनता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में निर्णायक भूमिका निभाएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.