मुंबई में 20 दिसंबर को होगा विराट कायस्थ महासम्मेलन, राजीव रंजन प्रसाद ने समाज से की भागीदारी की अपील

Virat Kayastha Mahasammelan: जीकेसी की पटना बैठक में 38 जिलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। राजीव रंजन प्रसाद ने 20 दिसंबर को मुंबई में होने वाले विराट कायस्थ महासम्मेलन में भागीदारी की अपील की।

Mumbai Virat Kayastha Mahasammelan: ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने कायस्थ समाज के लोगों से 20 दिसंबर को नवी मुंबई के खारघर में आयोजित होने वाले विराट कायस्थ महासम्मेलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन देश-विदेश के कायस्थ समाज को एकजुट करने और सामाजिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

पटना के किदवईपुरी स्थित ठाकुर प्रसाद कम्युनिटी हॉल में आयोजित जीकेसी की बिहार प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में सभी 38 जिलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में संगठन के विस्तार, जरूरतमंद परिवारों की सहायता, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के रोजगार और कायस्थ विभूतियों की विरासत के संरक्षण सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

विराट कायस्थ महासम्मेलन में अधिकाधिक भागीदारी का आह्वान

राजीव रंजन प्रसाद ने जिला प्रतिनिधियों से महासम्मेलन की जानकारी समाज के प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती सामाजिक सक्रियता और जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशीलता से तय होती है।

उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता, युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने और समाज की प्रतिभाओं एवं उपलब्धियों को व्यापक पहचान दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।

कायस्थ समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए बनेगा रोडमैप

जीकेसी के ग्लोबल अध्यक्ष ने कायस्थ समाज की घटती राजनीतिक हिस्सेदारी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले समाज की राजनीतिक भागीदारी लगातार कम होना चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि समाज को अपनी सक्रियता बढ़ाकर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। इसके लिए जीकेसी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी रोडमैप तैयार कर रही है, ताकि समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाने की दिशा में ठोस पहल की जा सके।

जीकेसी की प्रबंध न्यासी रागिनी रंजन ने महिला सशक्तीकरण को सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने लघु एवं कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहित करने और महिलाओं की दक्षता के अनुरूप जिलावार योजनाएं तैयार करने की आवश्यकता जताई।

बल्लभगढ़ पत्रकार एसोसिएशन का दीपावली मिलन समारोह धूमधाम से संपन्न, मंत्री-विधायकों ने दी शुभकामनाएं

जरूरतमंद परिवारों की मदद और युवाओं के रोजगार पर जोर

जीकेसी के ग्लोबल उपाध्यक्ष सह बिहार प्रदेश अध्यक्ष दीपक अभिषेक ने सभी जिलों में संगठन को सक्रिय बनाने और सदस्यता अभियान को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने में जिला इकाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

बैठक में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने और आर्थिक रूप से कमजोर कायस्थ परिवारों की पहचान कर उनकी सहायता करने के प्रस्तावों पर चर्चा हुई। जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के विवाह एवं पुनर्विवाह में सहयोग देने के लिए भी जिला स्तर पर प्रयास करने की बात कही गई।

कायस्थ विभूतियों की विरासत के संरक्षण और हेल्प डेस्क पर चर्चा

कायस्थ समाज की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए महापुरुषों की जयंती, पुण्यतिथि और विशेष अवसरों पर जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा कायस्थ विभूतियों की प्रतिमाएं स्थापित कराने तथा प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थलों का नामकरण उनके नाम पर कराने के लिए संबंधित प्राधिकारों से संपर्क करने पर चर्चा हुई।

सामाजिक सहयोग को व्यवस्थित बनाने के लिए जीकेसी हेल्प डेस्क शुरू करने का विचार भी रखा गया। इसके माध्यम से समाज के लोगों को स्वास्थ्य परामर्श, कानूनी सहायता, बीमा, आयकर, जीएसटी और व्यापार से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने की योजना है। पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अभियान चलाने और अतिथियों को पुष्पगुच्छ के स्थान पर पौधे भेंट करने की परंपरा विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक की शुरुआत दीप प्रज्वलन और कायस्थ एंथम के साथ हुई। विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान पूर्व सांसद आर.के. सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम में संजय सिन्हा, प्रेम कुमार, दीप श्रेष्ठ, दिलीप कुमार सिन्हा, सुभाषनी स्वरूप, मुकेश महान, अनिल कुमार दास, कुमार संभव, मधुकर वर्मा, निलेश रंजन, धनंजय प्रसाद, रविशंकर प्रसाद सिन्हा, हरी कृपाल, विनोद कुमार श्रीवास्तव, जितेंद्र श्रीवास्तव, दीपक कुमार, अरविंद, सुमन कुमार, सरोज श्रीवास्तव, विदु भूषण प्रसाद, धरमांस रंजन, निलेश वर्मा, जयंती मल्लिक, हैप्पी श्रीवास्तव, अनुराग समरुप, अपराजिता, राज श्री, राहुल मणि, अतुल आनंद सन्नू, राकेश कुमार, अश्वनी वर्मा, स्मिता वर्मा, पल्लवी, समीक्षा वर्मा, प्रियदर्शी हर्षवर्धन, मधु समरुप और रवि रंजन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.