लखीसराय में दो थाना अध्यक्ष निलंबित,कार्य में लापरवाही पर एसपी प्रेरणा कुमार का बड़ा एक्शन

लखीसराय(सरफराज आलम) लखीसराय पुलिस विभाग में अचानक से बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। सभी पुलिस पदाधिकारियों पर अलग-अलग आरोपों में कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा है कि दो थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित किए गए अधिकारियों में ट्रैफिक थाना प्रभारी अमित कुमार, महिला थाना प्रभारी अनामिका कुमारी और उपस्कर शाखा में पदस्थापित सार्जेंट सीतेश कुमार मिश्रा शामिल हैं। इसके अलावा एक ट्रेनी कांस्टेबल के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। एसपी प्रेरणा कुमार ने पुष्टि करते हुए कहा कि कार्रवाई की गई है। ट्रैफिक थानाध्यक्ष अमित कुमार और पुलिस लाइन के उपस्कर शाखा के सार्जेंट सीतेश कुमार मिश्रा के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर डीआईजी मुंगेर को अनुशंसा भेजी गई थी, जिसके बाद यह कार्रवाई हुई है। पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने स्पष्ट किया है कि तीनों पदाधिकारियों के खिलाफ अलग-अलग मामलों और अलग-अलग आरोपों के आधार पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई किसी एक घटना या एक ही तरह की लापरवाही से जुड़ी नहीं है।एसपी ने बताया कि जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है। समीक्षा के दौरान जहां भी कर्तव्य निर्वहन में कमी, अनुशासनहीनता या विभागीय नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आते हैं, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। जानकारी के अनुसार ट्रैफिक थाना प्रभारी अमित कुमार और सार्जेंट सीतेश कुमार मिश्रा के विरुद्ध कार्रवाई के लिए मुंगेर प्रक्षेत्र के डीआईजी को अनुशंसा भेजी गई थी। इसके बाद संबंधित स्तर से निलंबन का आदेश जारी किया गया। वहीं महिला थाना प्रभारी अनामिका कुमारी के खिलाफ भी विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने कहा कि पुलिसिंग में लापरवाही और जवाबदेही से समझौता किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। एक साथ तीन पुलिस पदाधिकारियों पर हुई कार्रवाई को जिले में पुलिस प्रशासन की बड़ी विभागीय कार्रवाई माना जा रहा है। इस कदम के बाद पुलिस महकमे में जवाबदेही और अनुशासन को लेकर स्पष्ट संदेश गया है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.