लखीसराय में विकास कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण, जल निकासी और निर्माण गुणवत्ता पर दिए सख्त निर्देश
लखीसराय(सरफराज आलम)जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार एवं उप विकास आयुक्त सुमित कुमार द्वारा जिले के विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करना था।
निरीक्षण के क्रम में सर्वप्रथम नगर क्षेत्र में बुडको द्वारा निर्मित नाला निर्माण कार्य का अवलोकन किया गया। इस दौरान जिला पदाधिकारी महोदय ने एसपी आवास मोड़ से सोनिया पोखर जाने वाले प्रस्तावित नाले के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिया कि नाले का पानी सीधे सोनिया पोखर में न गिराया जाए। इसके स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था विकसित करते हुए जल निकासी कीअन्य संभावनाओ पर विचार करने का निर्देश दिया गया।
इसके उपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा परिया पोखर, जमुई मोड़, चैती दुर्गा स्थान सहित अन्य नालों का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के अगले चरण में लखीसराय प्रखंड स्थित जल मीनार का निरीक्षण किया गया। जिला पदाधिकारी ने स्वयं जल मीनार को चालू कर उसकी कार्यक्षमता की जांच की तथा पीएचईडी विभाग के उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को नियमित संचालन एवं रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके पश्चात जिला पदाधिकारी महोदय डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग द्वारा संचालित नाव जाल पैकेज योजना के अंतर्गत आयोजित फिशिंग उडेन बोट वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने पर बल दिया गया तथा लाभार्थी को लाइव जैकेट आदि उपकरण का सही इस्तेमाल से संबंधित जानकारी साझा की।
तत्पश्चात जिला पदाधिकारी अशोक धाम स्थित शिवगंगा पहुंचे, जहां पर्यटन विभाग द्वारा शिवगंगा पोखर के सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने तथा समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही वहां स्थापित जल मीनार, जो वर्तमान में क्रियाशील नहीं है, उसे शीघ्र चालू कराने हेतु पीएचईडी विभाग को निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के अगले चरण में जिला पदाधिकारी बड़हिया प्रखंड पहुंचे, जहां मध्य विद्यालय प्रतापपुर के समीप सड़क एवं नाला निर्माण कार्य की प्रगति का अवलोकन किया गया। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश संबंधित एजेंसियों को दिए। साथ ही विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर छात्रों को स्वच्छता एवं नियमित अध्ययन के प्रति प्रेरित किया।
इस दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को योजनाओं का पूर्ण लाभ मिल सके।
